रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। आपातकालीन स्थिति में मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने और रास्ते में प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने में एंबुलेंस कर्मियों की भूमिका अहम है। इसी को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुख्यालय का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने 102 और 108 एंबुलेंस सेवा के ईएमटी और पायलटों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होकर कर्मचारियों को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ काम करने के निर्देश दिए।
प्रशिक्षण के दौरान सीएमओ ने कहा कि 102 और 108 एंबुलेंस सेवाएं आपातकालीन स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। संकट के समय एंबुलेंस की त्वरित उपलब्धता और मरीज को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाना बेहद जरूरी है। ईएमटी रास्ते में मरीज को आवश्यक प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराने में पूरी जिम्मेदारी निभाएं, जबकि पायलट सुरक्षित तरीके से समय पर अस्पताल पहुंचाने का प्रयास करें।
उन्होंने कर्मचारियों को तत्परता, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की हिदायत दी। सीएमओ ने कहा कि मरीज और उनके परिजनों के साथ सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखना भी स्वास्थ्य सेवाओं का अहम हिस्सा है। एंबुलेंस सेवाओं में बेहतर समन्वय और गुणवत्ता सुधार से आपातकालीन मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

