Homeउत्तर प्रदेशपहली सालगिरह पर ससुराल के बाहर रातभर धरने पर बैठी विवाहिता

पहली सालगिरह पर ससुराल के बाहर रातभर धरने पर बैठी विवाहिता

दहेज उत्पीड़न और मारपीट का आरोप, सामान बाहर फेंककर गेट पर लगाया ताला; भाकियू टिकैत ने दिया समर्थन

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। शादी की पहली सालगिरह पर जिस घर में विवाहिता को खुशियां मनानी थीं, उसी ससुराल के बाहर उसे रातभर ठंड में धरने पर बैठना पड़ा। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर मारपीट कर घर से निकालने और लगातार उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए किनौनी निवासी विवाहिता विपाशा ने रेशू विहार स्थित ससुराल के बाहर धरना शुरू कर दिया। विवाहिता का आरोप है कि ससुराल वालों ने उसका सामान बाहर फेंक दिया और मुख्य गेट पर ताला लगाकर अपने मोबाइल फोन बंद कर लिए।

विवाहिता के धरने की जानकारी मिलने पर भारतीय किसान यूनियन टिकैत के नगर अध्यक्ष अनुपम शर्मा कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने विवाहिता को न्याय दिलाने की मांग करते हुए उसके समर्थन में धरना दिया।

शादी के एक साल बाद ही रिश्तों में आई दरार

विपाशा के अनुसार, उसकी शादी 24 नवंबर 2025 को रेशू विहार निवासी यश शर्मा के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल में उसे परेशान किया जाने लगा। दहेज की मांग को लेकर आए दिन दबाव बनाया जाता था। हर महीने किसी न किसी सामान की मांग की जाती और मांग पूरी नहीं होने पर मारपीट व अभद्र व्यवहार किया जाता था। विवाहिता का कहना है कि उसने काफी समय तक उत्पीड़न सहन किया, लेकिन ससुराल वालों के व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया।

बुलाकर घर से निकालने और सामान फेंकने का आरोप

विपाशा ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोगों ने फोन करके उसे घर बुलाया था। वह उनके बुलाने पर रेशू विहार पहुंची, लेकिन वहां उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया। आरोप है कि सास, ससुर और बुआ ने हाथ पकड़कर उसे घर से बाहर निकाल दिया। उसका बैग और अन्य सामान भी बाहर फेंक दिया गया। इसके बाद उसे घर के अंदर नहीं जाने दिया गया।

सालगिरह के दिन गेट पर ताला, मोबाइल भी बंद

24 नवंबर को शादी की पहली सालगिरह थी, लेकिन इस दिन विवाहिता को ससुराल के बाहर बैठकर विरोध करना पड़ा। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग मकान के मुख्य गेट पर ताला लगाकर चले गए और अपने मोबाइल फोन भी बंद कर लिए। काफी इंतजार के बाद भी जब कोई बाहर नहीं आया तो विवाहिता ने गेट के बाहर धरना शुरू कर दिया। रातभर ठंड में बैठी विवाहिता न्याय मिलने तक धरना जारी रखने की बात कहती रही।

भाकियू टिकैत ने दिया समर्थन, प्रशासन से कार्रवाई की मांग

विवाहिता के धरने की सूचना पर भाकियू टिकैत के नगर अध्यक्ष अनुपम शर्मा कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने विवाहिता से पूरे मामले की जानकारी लेकर उसके समर्थन में धरना शुरू कर दिया। यूनियन ने प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर विवाहिता को न्याय दिलाने और आरोपों की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करने की मांग की।

शादी की पहली सालगिरह पर ससुराल के बाहर विवाहिता के धरने का मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा। विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और घर से निकालने के गंभीर आरोप लगाए हैं। फिलहाल ससुराल पक्ष का बयान सामने नहीं आया है। मामले में पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments