11 मामलों में प्रभावी पैरवी से दिलाई फांसी की सजा, मुख्यमंत्री ने पत्र लिखकर बढ़ाया हौसला
रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। करीब 11 मामलों में 23 दोषियों को फांसी की सजा दिलाने में प्रभावी अभियोजन पैरवी करने वाले मुजफ्फरनगर के सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता कुलदीप कुमार की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सराहना की है। मुख्यमंत्री ने पत्र लिखकर अधिवक्ता समाज की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कुलदीप कुमार के उज्ज्वल भविष्य और सुख-समृद्धि की कामना की है।
एफटीसी थर्ड कोर्ट के तत्कालीन न्यायाधीश रवि कुमार दिवाकर के कार्यकाल में करीब 11 मामलों में 23 दोषियों को फांसी की सजा सुनाई गई थी। इन मामलों में अभियोजन पक्ष की ओर से सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता कुलदीप कुमार ने प्रभावी पैरवी की थी। उनकी कार्यशैली और न्यायालय में मजबूत अभियोजन पक्ष रखने को लेकर मुख्यमंत्री ने प्रशंसा पत्र जारी किया है।
दो अक्टूबर 2026 को जारी पत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिवक्ताओं को न्यायपालिका और आम नागरिकों के बीच महत्वपूर्ण कड़ी बताया। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता अपने ज्ञान, तर्क और व्यावसायिक निष्ठा के माध्यम से लोगों को न्याय का रास्ता दिखाते हैं। संविधान की रक्षा, नागरिक अधिकारों की सुरक्षा और कानून के शासन को मजबूत करने में अधिवक्ता समाज की भूमिका अहम है।
मुख्यमंत्री ने पत्र में वर्ष 2017 से पहले अधिवक्ता समुदाय के सामने रहे असुरक्षा के माहौल का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने कानून के राज को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है और अपराध तथा अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है।
पत्र में अधिवक्ताओं के हित में किए गए प्रयासों का भी उल्लेख किया गया। अधिवक्ता कल्याण निधि को 1.50 लाख रुपये से बढ़ाकर पांच लाख रुपये करने, सहायता की अधिकतम आयु सीमा 70 वर्ष करने और अधिवक्ताओं व उनके परिवारों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार के प्रयासों की जानकारी दी गई।
मुख्यमंत्री ने नए न्यायालय भवनों, अधिवक्ता चैंबरों और मल्टीलेवल पार्किंग सहित न्यायिक व अधिवक्ता सुविधाओं के विस्तार का भी उल्लेख किया। उन्होंने विश्वास जताया कि अधिवक्ता समाज संविधान और कानून के रक्षक के रूप में सक्रिय भूमिका निभाते हुए विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को मजबूती देगा।

