Homeउत्तर प्रदेशबाल विवाह की सूचना छिपाई तो बच्चों का भविष्य होगा प्रभावित, 1098...

बाल विवाह की सूचना छिपाई तो बच्चों का भविष्य होगा प्रभावित, 1098 और 181 पर करें शिकायत

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को जड़ से खत्म करने के लिए जिले में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह और मुख्य विकास अधिकारी अमित कुमार के निर्देशन में वन स्टॉप सेंटर परिसर में ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉ. राजीव कुमार ने लोगों से बाल विवाह रोकने के लिए आगे आने और इसकी सूचना तत्काल संबंधित हेल्पलाइन पर देने की अपील की।

अभियान के तहत फ्लायर्स वितरित कर जनपदवासियों को बाल विवाह के दुष्परिणामों और कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। राज्य महिला आयोग की सदस्य सपना कश्यप ने भी लोगों से ‘बाल विवाह मुक्त मुजफ्फरनगर’ बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया।

डॉ. राजीव कुमार ने कहा कि बाल विवाह बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। कम उम्र में विवाह होने से विशेषकर लड़कियों की शिक्षा प्रभावित होती है और उनके शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर भी गंभीर असर पड़ता है। उन्होंने अपील की कि यदि किसी को अपने आसपास बाल विवाह होने की जानकारी मिलती है तो तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 या महिला हेल्पलाइन नंबर 181 पर सूचना दें।

कार्यक्रम में बताया गया कि बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम-2006 के तहत बाल विवाह दंडनीय अपराध है। भारत में विवाह के लिए लड़की की न्यूनतम कानूनी आयु 18 वर्ष और लड़के की 21 वर्ष निर्धारित है। बाल विवाह कराने, बढ़ावा देने या इसमें सहयोग करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है।

अभियान का उद्देश्य वर्ष 2030 तक देश को बाल विवाह मुक्त बनाना है। इस दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार, वन स्टॉप सेंटर मैनेजर पूजा नरूला, महिला थाना प्रभारी प्रीति चहल, जिला होम्योपैथिक चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ. सचिन, बाल संरक्षण अधिकारी नीना त्यागी सहित वन स्टॉप सेंटर का स्टाफ मौजूद रहा। सभी ने अभियान में सक्रिय भागीदारी कर बाल विवाह के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments