रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। मतदाता सूची में नाम शामिल कराने और नए मतदाताओं को जागरूक करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को बुढ़ाना के डीएवी पब्लिक स्कूल स्थित बूथ संख्या 99 पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व जिला कार्यसमिति सदस्य शाहिद असलम पहुंचे। उन्होंने बीएलओ दीपक कुमार के साथ बैठकर पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की प्रक्रिया में सहयोग किया और लोगों से अपने मताधिकार के प्रति सजग रहने की अपील की।
शाहिद असलम ने बताया कि बूथ संख्या 99, काजीवाड़ा की मतदाता सूची में खाकरोबान क्षेत्र के कुछ हिस्से भी शामिल हैं। ऐसे में इस क्षेत्र के नागरिक भी सूची में अपना और परिवार के पात्र सदस्यों का नाम जांच सकते हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम छूटने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर उसे दर्ज कराया जाए।
उन्होंने खासतौर पर उन युवाओं से अपील की, जिनकी उम्र 18 वर्ष पूरी हो चुकी है, लेकिन अभी तक मतदाता सूची में नाम शामिल नहीं हुआ है। शाहिद असलम ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती केवल चुनाव कराने से नहीं, बल्कि प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी से सुनिश्चित होती है। मतदाता सूची में नाम होना मतदान के अधिकार के इस्तेमाल की पहली शर्त है।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि 22 नवंबर को रविवार के विशेष अभियान के दौरान अपने संबंधित बूथ पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना और परिवार के पात्र सदस्यों का नाम जरूर जांचें। जिनका नाम सूची से छूट गया है, वे उसे दर्ज कराने के लिए आवेदन करें। उन्होंने कहा कि जागरूक मतदाता ही मजबूत लोकतंत्र की असली पहचान है।

