Homeउत्तर प्रदेशबाँदा कृषि विश्वविद्यालय में जैव सूचना विज्ञान प्रशिक्षण का शुभारंभ

बाँदा कृषि विश्वविद्यालय में जैव सूचना विज्ञान प्रशिक्षण का शुभारंभ

रिपोर्ट – शुभम सिंह

बांदा। बाँदा कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, बाँदा के वानिकी महाविद्यालय अंतर्गत बेसिक एवं सामाजिक विज्ञान विभाग द्वारा ‘जैव सूचना विज्ञान के मूलभूत सिद्धांत’ विषय पर सात दिवसीय व्यावहारिक प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया है। यह महत्वपूर्ण पहल कृषि, उद्यानिकी और वानिकी जैसे विषयों से जुड़े शोधार्थियों को आधुनिक जैव सूचना विज्ञान की तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान और अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से शुरू की गई है।
कुल बीस प्रतिभागियों के लिए आयोजित इस सात दिवसीय प्रशिक्षण में लगभग चौदह विशेषज्ञ व्याख्यानों, तकनीकी प्रदर्शनों और कम्प्यूटर आधारित व्यावहारिक सत्रों की व्यवस्था की गई है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को शोध कार्य में उपयोगी अनेक महत्वपूर्ण तकनीकों से अवगत कराया जा रहा है। इनमें डीएनए और प्रोटीन अनुक्रमों का विश्लेषण, जीन की पहचान, प्राइमर डिजाइनिंग, आनुवंशिक विविधता का अध्ययन, डीएनए बारकोडिंग और फाइलोजेनेटिक विश्लेषण जैसे प्रमुख विषय शामिल हैं। इस व्यावहारिक प्रशिक्षण से शोधार्थियों को जैविक आंकड़ों के व्यवस्थित संकलन, विश्लेषण और उनकी सटीक व्याख्या में दक्षता प्राप्त होगी, जिससे वे अपने शोध कार्यों को और अधिक प्रभावी तथा गुणवत्तापूर्ण बना सकेंगे।
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन प्रो. एस. वी. द्विवेदी, अधिष्ठाता, परास्नातक अध्ययन द्वारा किया गया। उद्घाटन अवसर पर उन्होंने आधुनिक कृषि और जैविक अनुसंधान के क्षेत्र में जैव सूचना विज्ञान की बढ़ती उपयोगिता को रेखांकित किया तथा शोधार्थियों को कम्प्यूटेशनल तकनीकों में दक्षता विकसित करने के लिए प्रेरित किया। वहीं, कृषि वानिकी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. राजीव उमराव ने शोधार्थियों की अनुसंधान क्षमता को सुदृढ़ करने में कौशल आधारित व्यावहारिक प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का समन्वयन पाठ्यक्रम समन्वयक के रूप में डॉ. शालिनी पुरवार और डॉ. विशाल चुग द्वारा किया जा रहा है, जबकि डॉ. विजय शर्मा एवं डॉ. सी. एम. सिंह सह-पाठ्यक्रम समन्वयक की भूमिका निभा रहे हैं। कार्यक्रम की शैक्षणिक गुणवत्ता को और समृद्ध करने के लिए एमएनएनआईटी प्रयागराज, हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय, दिल्ली विश्वविद्यालय तथा शेर-ए-कश्मीर कृषि विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित विशेषज्ञ विभिन्न तकनीकी सत्रों में अपने व्याख्यान देंगे।
उद्घाटन सत्र का कुशल संचालन डॉ. विनिता बिष्ट ने किया और अंत में धन्यवाद ज्ञापन डॉ. सी. एम. सिंह द्वारा प्रस्तुत किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम शोधार्थियों को आधुनिक जैविक शोध की नई दिशाओं से जोड़ने का एक सार्थक प्रयास है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments