Homeउत्तर प्रदेशस्वास्थ्य केंद्रों पर पहुंचे सीएमओ, व्यवस्थाओं की जांच; लापरवाही पर कार्रवाई की...

स्वास्थ्य केंद्रों पर पहुंचे सीएमओ, व्यवस्थाओं की जांच; लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया शुक्रवार को स्वास्थ्य केंद्रों के निरीक्षण पर निकले। उन्होंने फालौदा, पुरकाजी और सिसौना में स्वास्थ्य इकाइयों का जायजा लेकर चिकित्सा सेवाओं की स्थिति परखी। इस दौरान चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति से लेकर दवाओं की उपलब्धता, मरीजों को मिलने वाले उपचार और साफ-सफाई तक की व्यवस्था जांची।

सीएमओ ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फालौदा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पुरकाजी, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर सिसौना और उपकेंद्र सिसौना का निरीक्षण किया। उन्होंने ओपीडी में मरीजों को मिल रही सुविधाओं, चिकित्सकों की उपलब्धता और स्वास्थ्य कर्मियों की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। साथ ही स्वास्थ्य केंद्रों पर दवाओं की उपलब्धता और मरीजों को समय से उपचार मिलने की स्थिति भी परखी।

सिसौना में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर और उपकेंद्र पर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, गर्भवती महिलाओं की जांच और नियमित टीकाकरण की प्रगति की समीक्षा की। सीएमओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी तरह की ढिलाई न बरती जाए और प्रत्येक मरीज को समय पर उपचार व जरूरी दवाएं उपलब्ध कराई जाएं।

उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त रखने पर भी जोर दिया। सीएमओ ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर इलाज के लिए दूर न जाना पड़े, इसके लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों पर ही गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है।

डॉ. सुनील तेवतिया ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी स्वास्थ्य इकाइयों की नियमित निगरानी होगी और अधिकारियों व कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारी पूरी गंभीरता से निभानी होगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments