रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। जन्मदिन की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब पार्टी के लिए घर से निकले एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में शामली रोड स्थित राणा चौक के पास मिला। मृतक की पहचान अश्वनी के रूप में हुई है। युवक की मौत को लेकर परिजनों ने गंभीर सवाल उठाते हुए हत्या की आशंका जताई है। परिजनों का कहना है कि यदि सड़क हादसा हुआ था तो युवक की बाइक कहां गई और घटनास्थल पर दुर्घटना से जुड़े दूसरे साक्ष्य क्यों नहीं मिले? घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा है।
मृतक के छोटे भाई विशाल के मुताबिक, अश्वनी का जन्मदिन था। दोपहर करीब डेढ़ बजे ओरिएंट पेपर मिल में काम करने वाले उसके कुछ साथियों का फोन आया था। उन्होंने जन्मदिन की पार्टी के लिए अश्वनी को बुलाया, जिसके बाद वह घर से चला गया। शाम करीब छह बजे उसकी पत्नी की अश्वनी से आखिरी बार बातचीत हुई थी। इसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। शाम करीब साढ़े सात बजे पत्नी के मोबाइल पर फोन आया, जिसे पुलिसकर्मियों ने उठाया। उन्होंने अश्वनी का मोबाइल मिलने और उसके सड़क हादसे में घायल होने की जानकारी दी।
विशाल ने बताया कि बाद में जब वह पुलिस चौकी पहुंचा तो वहां पुलिसकर्मियों ने अश्वनी का शव शामली बाईपास स्थित राणा चौक के पास मिलने की जानकारी दी। भाई की बाइक के बारे में पूछने पर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली। इसी बात ने परिवार का शक और गहरा कर दिया। विशाल का सवाल है कि अगर अश्वनी का एक्सीडेंट हुआ था तो उसकी बाइक कहां है? घटनास्थल पर हादसे से जुड़े दूसरे सामान भी नहीं मिले। परिजनों का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि अश्वनी की मौत की असल वजह सामने आ सके।
विशाल ने मौशीन नाम के युवक सहित अश्वनी के कुछ दोस्तों पर भी संदेह जताया है। उसका कहना है कि उसने फोन कर युवकों से पूछा था कि अश्वनी उनके साथ था या नहीं, लेकिन उन्होंने साथ होने से इनकार कर दिया। जबकि परिवार के मुताबिक, अश्वनी के मोबाइल से मिले डाटा में इन युवकों के साथ वीडियो कॉल और फोटो मौजूद होने की बात सामने आई है। आरोप है कि इस संबंध में सवाल करने पर युवकों ने कथित तौर पर जवाब दिया कि जो करना है कर लो। विशाल ने बताया कि मामले में पुलिस को तहरीर दे दी गई है और कार्रवाई का आश्वासन मिला है।
उधर, सीओ सिटी सिद्धार्थ के. मिश्रा ने बताया कि थाना खालापार क्षेत्र में शामली रोड स्थित हाईवे पर एक युवक का शव मिला था। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

