रिपोर्ट – ओमप्रकाश
कर्वी/चित्रकूट। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर चित्रकूट पुलिस द्वारा मिशन शक्ति फेज-6 के तहत जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह के निर्देशन में 12 नवंबर को जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एंटी रोमियो टीम ने भ्रमण कर छात्राओं, बालिकाओं और महिलाओं को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
अभियान के तहत थाना सरधुवा की टीम ने अर्की, थाना पहाड़ी ने कस्बा पहाड़ी, थाना मानिकपुर ने कस्बा मानिकपुर, थाना बहिलपुरवा ने बहिलपुरवा स्टेशन, थाना रैपुरा ने बस स्टैंड तथा थाना मऊ की टीम ने कस्बा मऊ में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं को महिला सुरक्षा से जुड़ी सरकारी योजनाओं, हेल्पलाइन नंबरों, साइबर अपराध से बचाव, गुड टच-बैड टच और आत्मरक्षा के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही महिलाओं को किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर बिना डर पुलिस से शिकायत करने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस टीम ने 1090 वीमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन और 1930 साइबर हेल्पलाइन सहित विभिन्न महत्वपूर्ण नंबरों की जानकारी देते हुए पंपलेट भी वितरित किए।
इसके अलावा महिलाओं को बताया गया कि प्रत्येक थाने में महिला हेल्प डेस्क स्थापित है, जहां महिला पुलिसकर्मियों द्वारा उनकी शिकायतें सुनी जाती हैं और उनका निस्तारण किया जाता है। एंटी रोमियो स्क्वायड की कार्यप्रणाली से भी अवगत कराते हुए बताया गया कि सार्वजनिक स्थलों, स्कूल-कॉलेज और कोचिंग संस्थानों के आसपास शोहदों एवं मनचलों पर निगरानी रखी जाती है।
चित्रकूट पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर अपनी गोपनीयता बनाए रखें, साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहें और किसी भी आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबरों का निडर होकर इस्तेमाल करें।

