Homeउत्तर प्रदेशजनगणना के तीसरे बैच का प्रशिक्षण शुरू, एडीएम ने परखी व्यवस्थाएं

जनगणना के तीसरे बैच का प्रशिक्षण शुरू, एडीएम ने परखी व्यवस्थाएं

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनगणना 2027 को त्रुटिरहित और सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए पर्यवेक्षकों और प्रगणकों को प्रशिक्षण देने का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में गुरुवार से तीसरे बैच का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हो गया। 12, 13 और 14 नवंबर तक चलने वाले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में तहसील सदर के पर्यवेक्षकों और प्रगणकों को जनगणना से जुड़ी बारीकियां समझाई जा रही हैं।

प्रशिक्षण के शुभारंभ अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व एवं जिला जनगणना अधिकारी गंभीर सिंह ने भोपा रोड स्थित एसडी पब्लिक स्कूल में बनाए गए प्रशिक्षण केंद्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने प्रथम और द्वितीय दोनों पालियों में चल रहे प्रशिक्षण सत्रों का जायजा लिया और प्रशिक्षण की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान गंभीर सिंह ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे पर्यवेक्षकों और प्रगणकों से सीधे बातचीत की। उन्होंने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है। इसकी सफलता काफी हद तक मैदानी स्तर पर कार्य करने वाले प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की सजगता, जिम्मेदारी और कार्यकुशलता पर निर्भर करती है। इसलिए सभी प्रशिक्षु प्रशिक्षण को गंभीरता से लें और जनगणना से संबंधित प्रत्येक प्रक्रिया को अच्छी तरह समझें।

उन्होंने मास्टर ट्रेनर्स को निर्देश दिए कि प्रशिक्षण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि इसे संवादात्मक बनाया जाए। प्रशिक्षुओं की प्रत्येक जिज्ञासा और शंका का समाधान किया जाए, ताकि उन्हें फील्ड में काम करने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। जनगणना से जुड़े तकनीकी पहलुओं और दिशा-निर्देशों को भी सरल भाषा में समझाने पर जोर दिया गया।

एडीएम ने जनगणना के दौरान जुटाए जाने वाले आंकड़ों की सटीकता और उनकी गोपनीयता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रशिक्षण स्थल पर प्रशिक्षुओं के लिए शुद्ध पेयजल, जलपान और खानपान की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा।

गौरतलब है कि जनगणना 2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना के लिए तहसील सदर के पर्यवेक्षकों और प्रगणकों का प्रशिक्षण तीन बैचों में कराया जा रहा है। पहला बैच 26 से 28 अक्टूबर और दूसरा बैच 4 से 6 नवंबर तक प्रशिक्षित किया जा चुका है। अब तीसरे बैच का प्रशिक्षण 12 से 14 नवंबर तक चलेगा। इस दौरान संबंधित प्रशासनिक अधिकारी, मास्टर ट्रेनर्स और बड़ी संख्या में पर्यवेक्षक एवं प्रगणक मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments