रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। नचिकेता स्कूल्स में दीपावली का पर्व हर्षोल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर उत्सव के रंगों से सराबोर नजर आया। विद्यार्थियों ने विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा और कलात्मक हुनर का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने आकर्षक रंगोलियां बनाईं और सुंदर दीप सजाकर अपनी कल्पनाशीलता को रंगों के माध्यम से उकेरा। विभिन्न कलात्मक गतिविधियों के जरिए बच्चों ने दीपावली के उत्सव को यादगार बनाया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं के महत्व से भी रूबरू कराया गया।
विद्यार्थियों को दीपावली के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व की जानकारी देते हुए बताया गया कि यह पर्व अंधकार पर प्रकाश और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। साथ ही सुरक्षित, स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त दीपावली मनाने के लिए प्रेरित किया गया।
विद्यालय की उप-प्रधानाचार्या जसबीर कौर और उप-प्रधानाचार्या (एडमिनिस्ट्रेशन) विक्की जैन ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बच्चों को त्योहार की खुशियां जरूरतमंदों के साथ बांटने और समाज में प्रेम, सौहार्द व भाईचारे की भावना मजबूत करने का संदेश दिया।
