रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। खतौली क्षेत्र के बिहारीपुर निवासी अक्षय की हत्या के मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, करीब दो साल पहले अक्षय ने एक युवती से प्रेम विवाह किया था। युवती का भाई वासू इस बात से नाराज था और इसे अपने पिता की सामाजिक प्रतिष्ठा से जोड़कर देखता था। इसी रंजिश में अक्षय पर हमला करने की साजिश रची गई। आरोप है कि ईंट, लाठी-डंडों और कांच के टुकड़ों से हमला कर अक्षय को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, 26 अक्टूबर को अक्षय के भाई राहुल ने खतौली थाने में तहरीर देकर बताया था कि चूना भट्ठी के पास भूड़ क्षेत्र में अज्ञात लोगों ने उसके भाई पर जानलेवा हमला किया है। गंभीर हालत में अक्षय को उपचार के लिए ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। मामले में हत्या समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया था।
ट्यूबवेल के पास से छह आरोपी दबोचे
प्रभारी निरीक्षक दिनेश चंद्र के नेतृत्व में खतौली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को शेखपुर तिराहा, भैंसी कट स्थित गालिब रोड पर सरकारी ट्यूबवेल के पास से गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान वासू निवासी सराय रसूलपुर, थाना मंसूरपुर; अमरदीप और विकास निवासी गालिबपुर; तथा अंकुश, आकाश निवासी बिहारीपुर और कुंवरपाल निवासी सराय रसूलपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात से जुड़े साक्ष्य भी बरामद किए हैं। इनमें वासू की खून लगी सफेद टी-शर्ट, ईंट, डंडे और बोतल के कांच के टुकड़े शामिल हैं।
बहन के प्रेम विवाह से थी नाराजगी
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में वासू ने बताया कि करीब दो साल पहले अक्षय उसकी बहन को अपने साथ ले गया था और दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया था। इस घटना से वह नाराज था और उसे लगता था कि इससे उसके पिता की सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है। पुलिस का दावा है कि इसी रंजिश का बदला लेने के लिए वासू ने अपने साथियों के साथ मिलकर अक्षय पर हमला करने की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।
दो आरोपियों पर पहले से भी मुकदमे
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में अमरदीप के खिलाफ वर्ष 2023 में मारपीट, बलवा और धमकी से संबंधित मुकदमा दर्ज है। विकास के खिलाफ भी वर्ष 2023 में चोरी, धमकी और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज होने का उल्लेख है। अन्य चार आरोपियों का उपलब्ध आपराधिक इतिहास इसी हत्या के मुकदमे तक दर्ज बताया गया है।
खतौली पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक दिनेश चंद्र के साथ वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजकुमार बालियान, उपनिरीक्षक अनिल तोमर, संजय तोमर, मनीष कुमार, पंकज चौधरी, ओमकार सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
