रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। श्रीराम कॉलेज में चल रही मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय, सहारनपुर की अंतरमहाविद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता में श्रीराम कॉलेज की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एसडी कॉमर्स कॉलेज, मुजफ्फरनगर को करारी शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। सेमीफाइनल मुकाबले में श्रीराम कॉलेज के गेंदबाजों ने एसडी कॉमर्स की टीम को महज 37 रन पर समेट दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीराम कॉलेज की टीम ने चार ओवर में ही जीत दर्ज कर ली। अब फाइनल में श्रीराम कॉलेज का मुकाबला एसडी पीजी कॉलेज, मुजफ्फरनगर से होगा।
प्रतियोगिता के चौथे दिन दो सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। पहले सेमीफाइनल में एसडी पीजी कॉलेज, मुजफ्फरनगर और एमएस कॉलेज, सहारनपुर की टीमें आमने-सामने रहीं। टॉस जीतकर एसडी पीजी कॉलेज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 180 रन बनाए। बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमएस कॉलेज की टीम 13.2 ओवर में 83 रन पर सिमट गई। एसडी पीजी कॉलेज ने यह मुकाबला 97 रन से जीतकर फाइनल में जगह बनाई।
दूसरे सेमीफाइनल में श्रीराम कॉलेज और एसडी कॉमर्स कॉलेज के बीच मुकाबला हुआ। श्रीराम कॉलेज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जो टीम के लिए बेहद कारगर साबित हुआ। श्रीराम कॉलेज के गेंदबाजों के सामने एसडी कॉमर्स की बल्लेबाजी पूरी तरह लड़खड़ा गई और टीम 12 ओवर में केवल 37 रन ही बना सकी। आसान लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीराम कॉलेज की टीम ने महज चार ओवर में जीत हासिल कर ली। इस जीत के साथ ही श्रीराम कॉलेज ने खिताबी मुकाबले का टिकट पक्का कर लिया।
फाइनल में एसडी पीजी कॉलेज से भिड़ेगी श्रीराम कॉलेज की टीम
प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में श्रीराम कॉलेज और एसडी पीजी कॉलेज की टीमें आमने-सामने होंगी। दोनों टीमों ने सेमीफाइनल में जीत दर्ज कर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया है। फाइनल में दोनों कॉलेजों के खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला होने की उम्मीद है।
इस अवसर पर श्रीराम कॉलेज की प्राचार्या डॉ. प्रेरणा मित्तल ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए फाइनल मुकाबले में बेहतर प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं। कॉलेज के डीन एकेडमिक्स डॉ. विनीत कुमार शर्मा ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने भी खिलाड़ियों से प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की उम्मीद जताई।
प्रतियोगिता में मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय की ओर से पर्यवेक्षक एवं चयनकर्ता के रूप में डॉ. शरद कौशिक मौजूद रहे। मैचों में अंपायर की भूमिका मोहम्मद सुहेब और पलक शर्मा ने निभाई, जबकि स्कोरर जयसानिया रहे।
इस दौरान शारीरिक शिक्षा विभाग के प्रवक्ता भूपेंद्र कुमार, डॉ. अब्दुल अजीज खान, संदीप कुमार, अमरदीप, तरुण और प्रशांत सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।
