रिपोर्ट – ओमप्रकाश
चित्रकूट। बहिलपुरवा थाना क्षेत्र के रुकमा खुर्द गांव में सोमवार सुबह करीब 7 बजे पागल कुत्ते के हमले में छह वर्षीय मासूम बच्चा घायल हो गया। परिजनों ने घायल बच्चे को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, घायल बच्चे की पहचान शैलेंद्र पुत्र दिनेश, उम्र छह वर्ष, के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शैलेंद्र घर के बाहर खेल रहा था, तभी अचानक एक कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कुत्ते से बच्चे को बचाया। हालांकि, तब तक बच्चा घायल हो चुका था।
घटना के बाद परिजन आनन-फानन में बच्चे को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका उपचार किया जा रहा है। घटना के बाद गांव में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल है।
