रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए खालापार पुलिस ने जागरूकता अभियान चलाया। थाना प्रभारी विजय कुमार के नेतृत्व में मिशन शक्ति टीम और साइबर हेल्प डेस्क के कर्मचारियों ने जैन पीजी कॉलेज, मेरठ रोड पर साइबर सुरक्षा कार्यशाला का आयोजन किया।
कार्यशाला के दौरान साइबर एक्सपर्ट रक्षित टंडन के लाइव प्रसारण के माध्यम से विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के तरीके बताए गए। पुलिस टीम ने ऑनलाइन ठगी, साइबर अपराधों और डिजिटल सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की अपील की।
इस दौरान महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ी हेल्पलाइन, सरकारी योजनाओं और साइबर ठगी की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी दी गई। पुलिसकर्मियों ने बताया कि साइबर ठगी होने पर तुरंत शिकायत दर्ज कराना जरूरी है, ताकि ठगी गई रकम को रोकने की कार्रवाई की जा सके।
मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं को सुरक्षा संबंधी सुविधाओं और उपलब्ध सहायता सेवाओं के बारे में भी जागरूक किया। अभियान के तहत लोगों को प्रचार-प्रसार सामग्री और पेंपलेट वितरित कर साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
खालापार पुलिस का उद्देश्य लोगों को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क करना और महिलाओं को सुरक्षा संबंधी संसाधनों की जानकारी देकर जागरूक बनाना है।
