रिपोर्ट – शारिक खान
रामपुर। परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और बच्चों की भाषा व गणित की बुनियादी दक्षताओं को मजबूत करने के लिए जिलाधिकारी श्री अजय कुमार द्विवेदी ने महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं। निपुण भारत मिशन के तहत जिले के सभी परिषदीय विद्यालयों और ब्लॉक संसाधन केंद्रों पर शैक्षिक पोस्टर प्रमुखता से लगाए जाएंगे इनमें ‘पठन संस्कृति’, ‘कैच-अप शिक्षण (कक्षा 1 से 8)’, ‘निपुण लक्ष्य (कक्षा 1 से 5)’ और ‘कक्षा में बदलाव के 10 सूत्र’ से संबंधित पोस्टर शामिल हैं। इनके माध्यम से शिक्षकों को प्रभावी शिक्षण पद्धतियां अपनाने और कक्षाओं में बेहतर शिक्षण वातावरण तैयार करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने इस पहल को जनपदव्यापी अभियान के रूप में संचालित करने पर जोर दिया। इसका उद्देश्य बच्चों की सीखने संबंधी कमियों को दूर करना और भाषा एवं गणित में उनकी बुनियादी समझ विकसित करना है उन्होंने उम्मीद जताई कि अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन से आगामी निपुण आकलन में रामपुर के बच्चों के प्रदर्शन में सुधार होगा और जनपद प्रदेश की रैंकिंग में बेहतर स्थान हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ेगा।
