प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर चुके हैं पर्यावरण संरक्षण के लिए सम्मानित
रिपोर्ट – हरीश राज चक्रवर्ती
हमीरपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सम्मानित इसरो वैज्ञानिक पंक्ति पांडेय ने गायत्री तपोभूमि में वट वृक्ष का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे केवल प्रकृति की सुंदरता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की बुनियाद हैं। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण और लगाए गए पौधों का संरक्षण जरूरी है।
कस्बा निवासी श्रवण कुमार पांडेय की बहू पंक्ति पांडेय वर्तमान में अहमदाबाद में इसरो में वैज्ञानिक के रूप में कार्यरत हैं।
वर्ष 2024 में दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन्हें सम्मानित कर चुके हैं। कस्बे में पहुंचने पर पर्यावरण संरक्षण समिति के तत्वावधान में उन्होंने गायत्री तपोभूमि में वट वृक्ष रोपा।
पंक्ति पांडेय ने बताया कि वैज्ञानिक दायित्वों के साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए भी वह लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने समिति द्वारा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताया।
इस अवसर पर समिति सदस्य हरीश राज चक्रवर्ती ने अपने जन्मदिन पर पौधारोपण कर लगाए गए पौधे की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण समिति अध्यक्ष संतोष कुशवाहा उर्फ ग्रीन मैन, मुनीर खान, राजेश सहारा, सिद्दीक मंसूरी, रामआसरे, पवन टेलर, गोविंद, शिवकुमार, रामनरायन कबीर, संदीप, दीप पांडेय, संदीप पांडेय, नेहा पांडेय समेत बड़ी संख्या में पर्यावरण प्रेमी एवं समिति सदस्य मौजूद रहे।
