रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। डेंगू-मलेरिया समेत संचारी रोगों के बढ़ते खतरे के बीच स्वास्थ्य विभाग ने जिले में मोर्चा संभाल लिया है। बृहस्पतिवार को सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर एक माह के संचारी रोग नियंत्रण अभियान की शुरुआत की। एक से 31 अक्तूबर तक चलने वाले अभियान में स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचेंगी।
अभियान में डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, जापानी इंसेफेलाइटिस और डायरिया से बचाव को लेकर लोगों को जागरूक किया जाएगा। घरों और आसपास पानी जमा न होने देने, मच्छरों के पनपने के स्थान खत्म करने और स्वच्छता बनाए रखने पर जोर रहेगा।
बुखार पर निगरानी, लार्वा पर प्रहार
स्वास्थ्य विभाग बुखार रोगियों की जांच के साथ मच्छरों के स्रोतों की पहचान करेगा। जरूरत के अनुसार फॉगिंग और एंटी लार्वा छिड़काव कराया जाएगा। लोगों से बीमारी के लक्षण दिखने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जांच और उपचार कराने की अपील की गई है।
जनभागीदारी से ही रुकेगा संक्रमण
सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने कहा कि संचारी रोगों पर नियंत्रण के लिए विभागीय प्रयासों के साथ लोगों की भागीदारी जरूरी है। घर और आसपास सफाई रखने तथा पानी जमा न होने देने से मच्छरों के प्रजनन पर रोक लगाई जा सकती है।
इस दौरान अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिव्या वर्मा, जिला मलेरिया अधिकारी अलका सिंह, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डॉ. गीतांजलि वर्मा, जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. शमशेर आलम, बीबीडी कंसल्टेंट एहतिशाम खान, पीएसआई इंडिया से भारती रावत और शोभित सक्सैना समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
