रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। सिविल लाइन पुलिस ने चेकिंग के दौरान पचेंडा पुल के नीचे से चोरी की स्कूटी के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। तलाशी में दोनों के कब्जे से अलग-अलग दो अवैध चाकू भी बरामद हुए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी रघुराज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम 22 सितंबर की रात चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की स्कूटी लेकर दो युवक पचेंडा पुल के नीचे मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया। उनके कब्जे से UP80DZ5191 नंबर की चोरी की स्कूटी और दो चाकू बरामद हुए।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान अब्दुल वाजिद पुत्र मोहम्मद अशरफ, निवासी कायस्थवाड़ा, मंगलौर चौकी, देवबंद, सहारनपुर और रविंद्र उर्फ टुनटुन पुत्र सत्यदेव यादव, निवासी मुलतान नगर, ठेके वाली गली, थाना ट्रांसपोर्ट नगर, मेरठ, मूल निवासी ग्राम चोड़िहा, थाना लार, देवरिया के रूप में हुई।
पहले भी दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस के अनुसार अब्दुल वाजिद के खिलाफ खुर्जा नगर, बुलंदशहर में चोरी, बरामदगी, धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट के मुकदमे दर्ज हैं। रविंद्र उर्फ टुनटुन के खिलाफ गाजियाबाद कोतवाली में धोखाधड़ी और मेरठ के टीपी नगर थाने में आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज बताया गया है। दोनों के खिलाफ सिविल लाइन थाने में भी मुकदमा दर्ज है।
पुलिस आरोपियों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाल रही है। पूछताछ के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि चोरी की स्कूटी कहां से चुराई गई और दोनों का किसी अन्य वाहन चोरी गिरोह से संबंध तो नहीं है।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक प्रशांत कुमार गिरि, उपनिरीक्षक लोमेश कुमार, कांस्टेबल अंकित, सुधीर कुमार, सैनी कुमार, ब्रह्मदेव, श्याम सिंह और अनमोल शामिल रहे।
