रिपोर्ट – कबीर
मुज़फ्फरनगर। मोरना ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने के उद्देश्य से गांव चोरावाला में स्थापित समृद्धि केंद्र ग्रामीणों के लिए उपयोगी साबित हो रहा है। केंद्र पर स्वास्थ्य, शिक्षा, आधार कार्ड, डाकघर, कृषि, पशु चिकित्सा सहित विभिन्न सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे ग्रामीणों को अलग-अलग कार्यों के लिए दूर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है।
मोरना ब्लॉक् क्षेत्र के गांव चोरावाला में मोरना-जानसठ मार्ग पर स्थित समृद्धि केंद्र पर तैनात ऑपरेशन बिजनेस मैनेजर मौ. कैफ इमरान अंसारी ने बताया कि देश में तीन समृद्धि केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें उत्तर प्रदेश का एकमात्र केंद्र चोरावाला गांव में स्थापित किया गया है। केंद्र पर डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के तहत विभिन्न प्रकार की जांच की सुविधा उपलब्ध है। खून की जांच सहित अन्य जांचों के साथ ईसीजी की सुविधा भी दी जा रही है। योग्य चिकित्सकों से परामर्श तथा कम दरों पर दवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।
उन्होंने बताया कि केंद्र पर बच्चों के लिए कंप्यूटर शिक्षा और डिजिटल शिक्षा के साथ कौशल विकास संबंधी प्रशिक्षण की सुविधा भी उपलब्ध है। इसके अलावा डाकघर तथा आधार कार्ड से संबंधित सेवाएं भी ग्रामीणों को एक ही स्थान पर मिल रही हैं।
कृषि क्षेत्र में किसानों को मिट्टी एवं मृदा जांच, फसलों पर ड्रोन के माध्यम से कीटनाशक का छिड़काव तथा आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी जा रही है। पशुपालकों के लिए आधुनिक पशु चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। केंद्र के माध्यम से ग्रामीणों को आधुनिक तकनीक और विभिन्न सरकारी एवं जनोपयोगी सुविधाओं के प्रति जागरूक करने का कार्य भी किया जा रहा है।
समृद्धि केंद्र पर एक ही परिसर में विभिन्न सुविधाएं मिलने से ग्रामीणों में उत्साह है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसी सुविधाओं से गांव के लोगों को समय और पैसे की बचत हो रही है तथा ग्रामीण क्षेत्र में आधुनिक सेवाओं की पहुंच आसान हुई है।
ग्राम प्रधान प्रशासक सर्वेश कुमार उर्फ वीरू ने बताया कि समृद्धि केन्द्र की स्थापना अभूतपूर्व कार्य है।अब ग्रामीणों को अनेक सुविधाएं केन्द्र पर मिल रही हैं
