रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र में बड़ौत रोड स्थित शिव शक्ति धाम मंदिर में शराब के नशे में धुत दो युवकों ने जमकर हंगामा किया। आरोप है कि युवकों ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को तोड़ दिया और इसके बाद मंदिर में रह रहे महंत मोहन गिरि नागा बाबा के कमरे का दरवाजा जोर-जोर से पीटते हुए गाली-गलौज की। पूरी घटना मंदिर परिसर में लगे अन्य कैमरों में कैद हो गई।
महंत मोहन गिरि नागा बाबा के अनुसार, दोनों युवक बाइक से मंदिर परिसर में पहुंचे थे। कुछ देर बाद उन्होंने वहां लगे सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त करना शुरू कर दिया। इसके बाद दोनों उनके कमरे के बाहर पहुंचे और दरवाजा पीटते हुए अभद्रता करने लगे। महंत ने बताया कि उन्होंने सुरक्षा की दृष्टि से कमरे का दरवाजा अंदर से बंद रखा और घटना की सूचना पुलिस को दी।
घटना की जानकारी मिलते ही मंदिर कमेटी के लोग भी मौके पर पहुंच गए। बुढ़ाना निवासी अनिल वर्मा ने बताया कि मंदिर परिसर में लगे कैमरों को नुकसान पहुंचाया गया है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी।
मंदिर कमेटी के लोगों ने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर उसमें दिखाई दे रहे युवकों की पहचान कराने और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस फुटेज और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
