रिपोर्ट – एकरार खान
गाजीपुर। तहसील जखनिया क्षेत्र के ग्राम रायपुर स्थित गाटा/आराजी संख्या 576 की भूमि को लेकर विवाद सामने आया है। ग्राम बघाँव निवासी कमरुनिशा पत्नी स्वर्गीय अजीज ने ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि संतोष यादव पुत्र रामाश्रय यादव पर उनके हिस्से की भूमि पर कथित रूप से जबरन कब्जा करने का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी गाजीपुर से शिकायत की है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि गाटा संख्या 576 में उनके हिस्से की भूमि पर टीन-करकट का शेड लगाकर निर्माण कराया जा रहा है। कमरुनिशा के अनुसार, जब उन्हें कथित निर्माण की जानकारी हुई तो उन्होंने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और निर्माण कार्य रुकवाने का प्रयास किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने पर उपस्थित होने के लिए भी कहा।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि संतोष यादव की ओर से उक्त भूमि की रजिस्ट्री अपने नाम होने की बात कही जा रही है, जबकि शिकायतकर्ता का दावा है कि उन्होंने संतोष यादव के नाम कोई विक्रय पत्र अथवा विक्रय लेख निष्पादित नहीं किया है।
कमरुनिशा के मुताबिक, गाटा संख्या 576 में उनके हिस्से की भूमि का विक्रय पत्र 20 जून 2026 को विभा सिंह पत्नी उदयभान सिंह, निवासी बघाँव के पक्ष में किया गया था। इसके बाद उक्त भूमि को लेकर कब्जे का विवाद उत्पन्न होने का आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ता ने धमकी दिए जाने के भी आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि कथित धमकियों के कारण परिवार में भय का माहौल है। उन्होंने जिलाधिकारी से राजस्व अभिलेखों के आधार पर मामले की जांच कराने, मौके की पैमाइश कराने तथा कथित अवैध कब्जे एवं निर्माण की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। साथ ही परिवार की सुरक्षा की भी गुहार लगाई गई है।
हालांकि, मामले में संतोष यादव पक्ष का कहना है कि उन्हें बदनाम करने की साजिश की जा रही है और विवादित भूमि पर उनके परिवार का पुराना कब्जा रहा है। उनका पक्ष है कि वास्तविक स्थिति राजस्व अभिलेखों, पुराने दस्तावेजों और मौके की पैमाइश से ही स्पष्ट हो सकती है।
फिलहाल गाटा संख्या 576 को लेकर दोनों पक्षों के दावों के बीच राजस्व अभिलेखों और मौके की जांच के बाद ही भूमि के स्वामित्व एवं कब्जे की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
