रिपोर्ट – सोनम यादव
ललितपुर, तालबेहट। सुनौरा से अपने घर पूरा विरधा लौट रहे दो युवकों की बाइक हिंगोरा के पास अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तत्काल दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तालबेहट पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल ललितपुर रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, त्रिलोक राजपूत पुत्र बंधु (23) और अरविंद राजपूत पुत्र संतोष (24), निवासी पूरा विरधा, थाना पूरा कलां, बाइक से सुनौरा से अपने घर की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे हिंगोरा के पास पहुंचे, तभी अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों सड़क पर जा गिरे। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आईं।दुर्घटना के बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने मानवता दिखाते हुए दोनों घायलों को संभाला और बिना देर किए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तालबेहट पहुंचाया। सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। सीएचसी में चिकित्सकों ने दोनों का उपचार किया, लेकिन चोटों की गंभीरता को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल ललितपुर रेफर कर दिया गया।हादसे की खबर मिलते ही दोनों युवकों के परिजनों में चिंता की लहर दौड़ गई। परिजन तत्काल ललितपुर के लिए रवाना हो गए।
