Homeउत्तर प्रदेशपीनना बाईपास पर सुभाष का कत्ल, प्रेम प्रसंग की रंजिश में गोली...

पीनना बाईपास पर सुभाष का कत्ल, प्रेम प्रसंग की रंजिश में गोली मारी

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। पीनना बाईपास पर मंगलवार को 50 वर्षीय सुभाष की गोली मारकर हत्या से सनसनी फैल गई। शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव किनोनी निवासी सुभाष का शव बाईपास पर पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो घटनास्थल पर हड़कंप मचा था। पुलिस और एसओजी ने जांच शुरू कर दी। शुरुआती पड़ताल में हत्या के पीछे कुछ दिन पहले हुए प्रेम प्रसंग के विवाद की रंजिश सामने आई है।

कुछ दिन पहले शुरू हुआ था विवाद

गांव का एक युवक और युवती कुछ दिन पहले घर से चले गए थे। मामले में पुलिस ने युवक को जेल भेज दिया, जबकि युवती को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ा और कई दौर की पंचायतें हुईं। आरोप है कि इसी विवाद ने रंजिश का रूप ले लिया।

बेटे का दावा- पहले से रची जा रही थी साजिश

सुभाष के बेटे सागर ने आरोप लगाया कि पिता की हत्या अचानक नहीं हुई। उसके मुताबिक पुराने विवाद को लेकर पिता को रास्ते से हटाने की साजिश पहले से चल रही थी। सागर ने कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसके पिता को निशाना बनाने के बाद अब उसे भी नुकसान पहुंचाने की तैयारी थी। हालांकि, पुलिस ने इन आरोपों की अभी पुष्टि नहीं की है।

बाईपास पर पहुंची पुलिस, जांच तेज

हत्या की सूचना पर नगर कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए गए। हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी संजय कुमार वर्मा भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक के परिजनों से जानकारी लेने के साथ ही पुराने विवाद और पंचायतों से जुड़े लोगों के बारे में भी पड़ताल शुरू कर दी है।

एसएसपी संजय कुमार वर्मा के मुताबिक, कुछ दिन पहले प्रेम प्रसंग के चलते गांव के ही एक युवक और युवती के चले जाने को लेकर रंजिश चली आ रही थी। इसी रंजिश में युवक के पिता सुभाष की गोली मारकर हत्या की गई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और वारदात में शामिल आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

पीनना बाईपास पर हुई इस हत्या ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या पुरानी रंजिश ही सुभाष की हत्या की वजह बनी या इसके पीछे कोई और साजिश थी, पुलिस की जांच में इसका खुलासा होगा। फिलहाल पुलिस और एसओजी की टीमें हत्यारों तक पहुंचने के लिए जांच में जुटी हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments