Homeउत्तर प्रदेशलॉकेट लूटकर भाग रहे तीन बदमाशों की पुलिस से मुठभेड़, एक को...

लॉकेट लूटकर भाग रहे तीन बदमाशों की पुलिस से मुठभेड़, एक को लगी गोली

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। रामराज थाना क्षेत्र में महिला से लॉकेट छीनने वाले तीन बदमाश सोमवार को पुलिस के हत्थे चढ़ गए। अहमदवाला तिराहे पर चेकिंग के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो साथियों को पुलिस ने आवश्यक बल प्रयोग कर दबोच लिया। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर को महमूदपुर मंगूर के जंगल में प्राथमिक विद्यालय के पास एक महिला से लॉकेट छीना गया था। इस मामले में रामराज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। सोमवार को मुखबिर से सूचना मिली कि वारदात में शामिल बदमाश रामराज की ओर आने वाले हैं। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रामराज ज्ञानेन्द्र सिरोही ने एसओजी देहात टीम को जानकारी दी और दोनों टीमों ने संयुक्त रूप से अहमदवाला तिराहे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी।

कुछ देर बाद बिना नंबर प्लेट की टीवीएस राइडर बाइक पर तीन युवक आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो बाइक सवार बदमाशों ने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी और भागने लगे। पुलिस के मुताबिक, फायरिंग में टीम बाल-बाल बची। इसके बाद आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने मौके से उसके दो साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार बदमाशों की पहचान शहिद पुत्र शौकीन अहमद निवासी कुंदन कॉलोनी गोहर अली खां, थाना अफजलगढ़, बिजनौर, राशिद पुत्र मोहम्मद तारिक निवासी कस्बा अफजलगढ़ और मोहम्मद फिरोज पुत्र महमूद निवासी कस्बा अफजलगढ़ के रूप में हुई है। शहिद को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया।

लॉकेट, तमंचे और चाकू बरामद

पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से महिला से छीना गया पीली धातु का लॉकेट, दो तमंचे 315 बोर, तीन जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, एक चाकू और वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की टीवीएस राइडर बाइक बरामद की है। पुलिस अब बाइक और हथियारों के संबंध में भी जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार राशिद का बिजनौर के अफजलगढ़ थाने में पूर्व का मुकदमा भी दर्ज है। तीनों आरोपियों का विस्तृत आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

कार्रवाई में थानाध्यक्ष रामराज ज्ञानेन्द्र सिरोही, एसओजी देहात प्रभारी मोहित चौधरी, उपनिरीक्षक ऋषभ रंधावा समेत रामराज थाना, एसओजी देहात और सर्विलांस टीम के पुलिसकर्मी शामिल रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments