रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। आगामी 12 सितंबर को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए न्यायिक अधिकारियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कविता अग्रवाल के विश्राम कक्ष में आयोजित बैठक में लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव डॉ. सत्येंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि 12 सितंबर, द्वितीय शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन दीवानी न्यायालय परिसर मुजफ्फरनगर के साथ ही बाह्य न्यायालय बुढ़ाना, ग्राम न्यायालय जानसठ, ग्राम न्यायालय खतौली और कलक्ट्रेट परिसर में किया जाएगा।
लोक अदालत में आपराधिक मामलों के साथ धारा 138 एनआई एक्ट, बैंक रिकवरी, मोटर दुर्घटना प्रतिकर याचिका, टेलीफोन, बिजली और पानी के बिल, वैवाहिक विवाद, भूमि अधिग्रहण, राजस्व वाद और सिविल मामलों का निस्तारण किया जाएगा।
बैठक में न्यायिक अधिकारियों को पात्र मामलों को चिह्नित कर अधिक से अधिक वादों का निस्तारण कराने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने लोक अदालत में अधिकतम मामलों के निस्तारण के लिए आवश्यक तैयारियों की समीक्षा भी की।
बैठक में कविता अग्रवाल, डॉ. सत्येंद्र कुमार चौधरी, जसीम खान, डॉ. देवेंद्र सिंह फौजदार, प्रगति सिंह, सिद्धार्थ बरगोटी, अनिष्का चौधरी, शेफाली यादव, मणि वर्मा समेत जनपद के अन्य न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे।
