Homeउत्तर प्रदेशआंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय बढ़ा, अब जिम्मेदारी भी बढ़ी ‘हमारी आंगनबाड़ी, हमारी...

आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय बढ़ा, अब जिम्मेदारी भी बढ़ी ‘हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ थीम के साथ राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ, कपिल देव अग्रवाल ने कहा- सरकारी सेवक की तरह निभाएं दायित्व

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। बच्चों, गर्भवती और धात्री महिलाओं तथा किशोरियों के पोषण और स्वास्थ्य को लेकर बुधवार को नौवें राष्ट्रीय पोषण माह का जिले में भव्य शुभारंभ हुआ। विकास भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं ने मानदेय बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया।

इस बार राष्ट्रीय पोषण माह की थीम ‘हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ रखी गई है। वहीं पोषण अभियान का संदेश ‘सही पोषण, देश रोशन’ है। नौवां राष्ट्रीय पोषण माह 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक चलेगा।

कार्यक्रम में वाराणसी से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण एलईडी स्क्रीन के माध्यम से दिखाया गया। मुख्य अतिथि कपिल देव अग्रवाल के साथ प्रशासक जिला पंचायत डॉ. वीरपाल निर्वाल और मीरापुर विधायक प्रतिनिधि सुप्रिया पाल मौजूद रहे।

मानदेय में चार-चार हजार रुपये की बढ़ोतरी

राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय 8,000 से बढ़ाकर 12,000 रुपये और सहायिकाओं का मानदेय 4,000 से बढ़ाकर 6,000 रुपये किया गया है। इसके साथ ही साड़ी के लिए 500 रुपये की सहायता और कैशलेस चिकित्सा स्वास्थ्य सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।मानदेय बढ़ने पर कार्यक्रम में मौजूद आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार जताया।

बच्चों के भविष्य को संवारने में अहम भूमिका

कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां केवल आंगनबाड़ी केंद्र तक सीमित न रहें, बल्कि घर-घर पहुंचकर महिलाओं और बच्चों को पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि कार्यकत्रियां स्वयं को संस्था से जुड़ा कर्मचारी न मानकर सरकारी सेवक की भावना से पूरी निष्ठा के साथ काम करें।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सुपोषित भारत’ के संकल्प और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्वस्थ एवं सशक्त उत्तर प्रदेश के लक्ष्य को पूरा करने में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की भूमिका महत्वपूर्ण है।

प्रशासक जिला पंचायत डॉ. वीरपाल निर्वाल और मीरापुर विधायक प्रतिनिधि सुप्रिया पाल ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पोषण माह के दौरान गर्भवती एवं धात्री महिलाओं, बच्चों और किशोरियों तक पोषण और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी पहुंचाई जाए।

कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी दिग्विजयनाथ तिवारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुशील कुमार, संतोष, बाल विकास परियोजना अधिकारी, मुख्य सेविकाएं, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं मौजूद रहीं। संचालन बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉ. राजीव कुमार ने किया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments