ब्यूरो: कबीर
मुजफ्फरनगर से बड़ी खबर
मुजफ्फरनगर की थाना सिविल लाइन पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर मोबाइल स्नैचिंग की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से छीना गया सैमसंग A14 5G मोबाइल भी बरामद कर लिया है।
बाइक सवार बदमाशों ने छीना था मोबाइल
पुलिस के अनुसार, ऋषिकेश निवासी आयुष यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 18 जुलाई की रात अहिल्याबाई चौक (अस्पताल तिराहा) के पास स्प्लेंडर बाइक पर आए दो युवकों ने उनके हाथ से मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना सिविल लाइन में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
तकनीकी साक्ष्यों से हुई गिरफ्तारी
प्रभारी निरीक्षक सिविल लाइन के नेतृत्व में पुलिस ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर माल रोड क्षेत्र से शिवम कुमार और अजय को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उनके कब्जे से लूटा गया सैमसंग A14 5G मोबाइल बरामद कर लिया गया।
अन्य वारदातों की भी जांच
पुलिस के अनुसार, आरोपी बाइक पर घूमकर राहगीरों को निशाना बनाते थे। अब उनके फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे किसी बड़े स्नैचिंग गिरोह से जुड़े हैं या नहीं। अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच जारी है।
आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही पुलिस
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी शिवम कुमार के खिलाफ पहले से अपहरण, छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट सहित कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं दूसरे आरोपी अजय के खिलाफ भी इस मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई को उपनिरीक्षक खुशीलाल, उपनिरीक्षक श्रीकृष्ण कपूर, उपनिरीक्षक प्रदीप द्विवेदी, कांस्टेबल लोकेन्द्र और कांस्टेबल अरविंद की टीम ने अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि जनपद में मोबाइल स्नैचिंग और अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
