ब्यूरो: कबीर
मुजफ्फरनगर से बड़ी खबर
बंजारा समाज को देशभर में समान पहचान और आरक्षण दिलाने की मांग को लेकर निकली ‘बंजारा एकता संकल्प यात्रा’ गुरुवार देर रात 15 राज्यों का भ्रमण कर मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना क्षेत्र स्थित बावन गांव के लक्खिसरा बंजारा गुरुद्वारा पहुंची। यात्रा का पारंपरिक पगड़ी पहनाकर और तलवार भेंट कर स्वागत किया गया।
‘एक राष्ट्र-एक आरक्षण’ की मांग
सभा को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय बंजारा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष कांतिलाल नायक ने कहा कि अलग-अलग राज्यों में बंजारा समाज को अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और सामान्य वर्ग जैसी विभिन्न श्रेणियों में रखा गया है। उन्होंने केंद्र सरकार से पूरे देश में ‘एक राष्ट्र-एक आरक्षण’ की नीति लागू कर बंजारा समाज को एक समान वर्ग में शामिल करने की मांग की।
भाषा और विश्वविद्यालय की भी मांग
कांतिलाल नायक ने कहा कि बंजारा समाज के महापुरुषों के नाम पर विश्वविद्यालय की स्थापना की जाए। साथ ही समाज की पारंपरिक बोली और भाषा को भी सरकारी मान्यता देने की मांग रखी।
दिल्ली में होगा यात्रा का समापन
राष्ट्रीय संयोजक विलास रामावत ने बताया कि श्री श्री महाराज जी के नेतृत्व में निकली यह संकल्प यात्रा 15 राज्यों का दौरा पूरा कर चुकी है। शेष राज्यों का भ्रमण पूरा होने के बाद यात्रा का समापन दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में प्रस्तावित बंजारा महापंचायत के साथ होगा।
एकजुटता का लिया संकल्प
कार्यक्रम में युवा मंगल दल अध्यक्ष मोनू सिंह ने राष्ट्रीय पदाधिकारियों का सम्मान किया। सभा के अंत में उपस्थित लोगों ने दिल्ली महापंचायत में बड़ी संख्या में शामिल होकर बंजारा समाज के अधिकारों और मांगों को मजबूती से उठाने का संकल्प लिया।
