Homeउत्तर प्रदेशधामपुर शुगर मिल ने किसानों को दिया भरोसा, समय पर गन्ना भुगतान...

धामपुर शुगर मिल ने किसानों को दिया भरोसा, समय पर गन्ना भुगतान और उत्पादन बढ़ाने पर रहेगा फोकस

रिपोर्ट: राकेश कुमार

बिजनौर से बड़ी खबर

बिजनौर के धामपुर में धामपुर शुगर मिल के उपाध्यक्ष आशीष शर्मा ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए आगामी पेराई सत्र की तैयारियों, गन्ना उत्पादन बढ़ाने की रणनीति और किसानों को समय पर भुगतान की प्रतिबद्धता दोहराई।

पिछले सत्र में कम हुई पेराई

आशीष शर्मा ने बताया कि पिछले पेराई सत्र में गन्ने की कमी के कारण मिल की पेराई लगभग 27.73 लाख क्विंटल कम रही। उन्होंने इसके लिए गन्ना फसल में रोग, बाढ़ और वर्षा जैसी प्राकृतिक परिस्थितियों तथा अन्य मिलों को क्रय केंद्र आवंटित होने जैसे कारण बताए।

उन्होंने कहा कि धामपुर शुगर मिल की प्रतिदिन लगभग 1.5 लाख क्विंटल गन्ना पेराई क्षमता है, इसलिए गन्ने की उपलब्धता मिल संचालन के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

नई गन्ना प्रजातियों पर जोर

मिल प्रबंधन ने बताया कि इस वर्ष 0238 गन्ना प्रजाति के विकल्प के रूप में अधिक उत्पादन देने वाली नई किस्में किसानों को उपलब्ध कराई गई हैं। उम्मीद जताई गई कि इससे आगामी सत्र में गन्ना उत्पादन बढ़ेगा और किसानों के साथ-साथ मिल को भी लाभ मिलेगा।

समय पर भुगतान और बेहतर सुविधाओं का भरोसा

आशीष शर्मा ने कहा कि आगामी पेराई सत्र में “बढ़िया पेमेंट – बढ़िया प्रबंधन” के लक्ष्य के साथ कार्य किया जाएगा। उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि गन्ना पर्ची, खाद की उपलब्धता और गन्ना मूल्य का भुगतान 14 दिनों के भीतर सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने यह भी बताया कि 1 लाख क्विंटल से अधिक क्षमता वाले कच्चे गन्ना खरीद केंद्रों को पक्का किया जाएगा तथा नवंबर के प्रथम सप्ताह में मिल का संचालन शुरू करने की योजना है।

किसानों से स्वच्छ गन्ना आपूर्ति की अपील

मिल प्रबंधन ने किसानों से साफ-सुथरा गन्ना आपूर्ति करने की अपील की। वहीं, सहायक उपाध्यक्ष (गन्ना) संजीव कुमार ने कहा कि आगामी पेराई सत्र में किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी और खरीद केंद्र समय पर स्थापित किए जाएंगे।

पत्रकारों का किया सम्मान

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित पत्रकारों को शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कारखाना महाप्रबंधक विजय कुमार गुप्ता, शरद गहलोत, लविश कुमार सहित मिल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments