रिपोर्ट: नितिन कुमार
स्थान: बिलासपुर, रामपुर
रामपुर के बिलासपुर स्थित अंबेडकर पार्क में संदिग्ध परिस्थितियों में मिले 25 वर्षीय युवक के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों ने गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
मृतक की पहचान रवि पुत्र गुरमीत सिंह, निवासी गांव बेगमाबाद के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार रवि अपनी पत्नी और बच्चों के साथ रामपुर के अजीतपुर मोहल्ले में ससुराल में रह रहा था। उसकी मां ने बताया कि घटना से पहले रवि ने फोन पर कथित रूप से किसी जहरीले पदार्थ के सेवन की बात कही थी।
वहीं मृतक की पत्नी सिमरन कौर ने बताया कि रवि अपने पैतृक गांव बेगमाबाद परिजनों से कुछ पैसे लेने की बात कहकर गया था। इसके बाद उसकी मौत की सूचना मिलने से परिवार में कोहराम मच गया।
समाजसेवी गगनदीप सिंह ने बताया कि रवि ट्रक चालक था और मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी असमय मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। इस दौरान जयदेव यदुवंशी भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और हरसंभव सहायता का भरोसा दिया।
थाना प्रभारी जीत सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान उसके पास मिले दस्तावेजों के आधार पर हुई। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। यदि शिकायत प्राप्त होती है तो उसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
