रिपोर्ट: कबीर
स्थान: मुजफ्फरनगर
मुजफ्फरनगर के विकास भवन सभागार में शुक्रवार को आत्मा योजना की गवर्निंग बोर्ड एवं जिला भूमि एवं जल संरक्षण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी और मुख्य विकास अधिकारी कमल किशोर देशभूषण कंडारकर ने की।
बैठक में कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए किसानों की आय बढ़ाने, मोटे अनाज (मिलेट्स) के उत्पादन को प्रोत्साहित करने और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।
समीक्षा के दौरान आत्मा योजना, मिलेट्स योजना, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन, नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयलसीड्स, सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन, नमामि गंगे, नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग, किसान पाठशाला तथा त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई। साथ ही पंडित दीनदयाल उपाध्याय किसान समृद्धि योजना, खेत तालाब योजना और मनरेगा के तहत प्रस्तावित कार्यों की भी समीक्षा की गई।
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने मिलेट्स को बढ़ावा देने के लिए रेसिपी प्रतियोगिताएं और जनजागरूकता कार्यक्रम बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भूमि एवं जल संरक्षण भविष्य की खेती के लिए अत्यंत आवश्यक है।
भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी ने प्राकृतिक खेती को समय की आवश्यकता बताते हुए अधिक से अधिक किसानों को रासायनिक खेती छोड़ प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित करने की बात कही।
बैठक में जिला कृषि अधिकारी ने जानकारी दी कि किसान क्रेडिट कार्ड संतृप्तीकरण अभियान के तहत 23 जुलाई तक सभी संबंधित विभाग पात्र किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने के लिए प्रेरित करेंगे।
बैठक में उप कृषि निदेशक प्रमोद सिरोही, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, सहायक निदेशक मत्स्य, कृषि विज्ञान केंद्र बघरा एवं चित्तौड़ा के वैज्ञानिकों सहित कृषि एवं संबद्ध विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
