स्थान: श्रावस्ती
भारत सरकार के अपर सचिव एवं नीति आयोग के केंद्रीय प्रभारी अधिकारी धीरज साहू ने श्रावस्ती के पीएमश्री कम्पोजिट विद्यालय, जमुनहा का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं आधारभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं से गणित, हिन्दी, अंग्रेजी और सामान्य ज्ञान से जुड़े प्रश्न पूछकर उनकी शैक्षणिक प्रगति का आकलन किया। साथ ही स्मार्ट क्लास, कम्प्यूटर लैब और खगोल विज्ञान प्रयोगशाला का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने विद्यालय में पेयजल, शौचालय, किचन और मध्यान्ह भोजन की व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा शिक्षकों को पढ़ाई में कमजोर छात्रों पर विशेष ध्यान देकर उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार लाने के निर्देश दिए।
इसके बाद अपर सचिव ने बरगदहा आंगनवाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया, जहां पोषाहार वितरण, बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग, मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद सहित शिक्षा, स्वास्थ्य एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।
