श्रावस्ती। कोतवाली भिनगा पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सोशल ऐप के माध्यम से युवक को बुलाकर लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक तिवारी, सत्यम पाण्डेय और प्रिंस पाण्डेय के रूप में हुई है, जो जनपद बहराइच के निवासी हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने सोशल नेटवर्किंग ऐप GRINDR के माध्यम से दोस्ती कर एक युवक को सुनसान स्थान पर बुलाया और उसके साथ मारपीट कर दो मोबाइल फोन, पर्स और नकदी लूटकर फरार हो गए।
मामले में 30 जून को भिनगा निवासी मोहम्मद इरफान की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने राप्ती नदी स्थित भखला के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से लूटे गए दो मोबाइल फोन, 300 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने कथित रूप से स्वीकार किया कि वे ऐप के माध्यम से लोगों को बुलाकर लूटपाट की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस का यह भी कहना है कि आरोपियों ने लूट के बाद मोबाइल के सिम कार्ड, पर्स और दस्तावेज झाड़ियों में फेंक दिए थे।
पुलिस ने मामले में अतिरिक्त धाराएं बढ़ाते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक Rahul Bhati के निर्देशन में की गई।
