Homeउत्तर प्रदेशTET परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम उमेश मिश्रा ने दिए सख्त...

TET परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम उमेश मिश्रा ने दिए सख्त निर्देश; नकल माफिया पर होगी कड़ी कार्रवाई

रिपोर्टर: कबीर

मुजफ्फरनगर। शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET)-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस, प्रशासन, शिक्षा विभाग, परीक्षा केंद्र व्यवस्थापकों और संबंधित अधिकारियों को परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

13 परीक्षा केंद्रों पर होगी परीक्षा

जिलाधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित शिक्षक पात्रता परीक्षा जनपद के 13 परीक्षा केंद्रों पर कराई जाएगी। परीक्षा 2 और 3 जुलाई 2026 को दो पालियों में तथा 4 जुलाई 2026 को प्रथम पाली में आयोजित होगी।

पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक होगी।

सुरक्षा और निगरानी के कड़े इंतजाम

डीएम उमेश मिश्रा ने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। परीक्षा केंद्रों और आसपास के क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी।

उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि परीक्षा कक्षों और पूरे परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे हर समय चालू रहें और उनकी नियमित निगरानी की जाए।

इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर रहेगा प्रतिबंध

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले प्रत्येक अभ्यर्थी की सघन तलाशी ली जाएगी। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

परीक्षार्थियों की सुविधाओं का भी रखा जाएगा ध्यान

बैठक में डीएम ने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, महिला एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय, छाया की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

नकल माफिया और सॉल्वर गैंग पर होगी सख्त कार्रवाई

डीएम उमेश मिश्रा ने कहा कि शिक्षक पात्रता परीक्षा की शुचिता से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा। यदि कोई नकल माफिया, सॉल्वर गैंग या असामाजिक तत्व परीक्षा में गड़बड़ी करने का प्रयास करता है तो उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संजय कुमार सिंह, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक और परीक्षा केंद्र व्यवस्थापक उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments