रिपोर्टर: कबीर
मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर जनपद के थाना भोपा क्षेत्र स्थित गांव विलायत नगर निवासी अग्निवीर अर्पित सैनी छह माह का सैन्य प्रशिक्षण पूरा करने के बाद रविवार को अपने घर लौटे। उनके मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन पहुंचने पर परिजनों, मित्रों और ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से स्वागत कर मिठाई खिलाई। इस दौरान स्टेशन परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।
बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस से पहुंचे मुजफ्फरनगर
अर्पित सैनी बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस से मुजफ्फरनगर पहुंचे। उनके आगमन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण, शुभचिंतक और परिजन रेलवे स्टेशन पर एकत्र हो गए। सभी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
देशसेवा के जज्बे को मिला सम्मान
अर्पित सैनी, मास्टर ऋषिपाल सैनी के पुत्र हैं। सैन्य प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर घर लौटने पर लोगों ने उनके देशसेवा के जज्बे की सराहना की। स्वागत के दौरान माल्यार्पण कर उनका सम्मान किया गया और मिठाइयां वितरित की गईं।
युवाओं के लिए बने प्रेरणा
ग्रामीणों ने कहा कि अर्पित सैनी का यह सफर क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उनका मानना है कि देश की सेवा के लिए युवाओं को सेना में भर्ती होने और राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी निभाने की प्रेरणा ऐसे ही उदाहरणों से मिलती है।
बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद
स्वागत समारोह में गांव के डीलर पवन सैनी, ओमकार सैनी, बाला सैनी, बालेश सैनी, सागर सैनी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, ग्रामीण और शुभचिंतक मौजूद रहे। सभी ने अग्निवीर अर्पित सैनी को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और देशसेवा में सफलता की कामना की।
