रिपोर्ट: कबीर मुजफ्फरनगर ब्यूरो
मुजफ्फरनगर/मोरना। आगामी 28 जून को शुकतीर्थ स्थित सतगुरु स्वामी समनदास आश्रम में स्वामी भिक्षुकदास महाराज की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित होने वाले सत्संग, शोभायात्रा एवं मेले की तैयारियों को लेकर सोमवार को पुलिस अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
भोपा थाना क्षेत्र के शुक्रताल में आयोजित होने वाले इस धार्मिक आयोजन को सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से क्षेत्राधिकारी (सीओ) लक्ष्मण वर्मा ने प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान प्रस्तावित कार्यक्रमों के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लिया गया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
आश्रम के प्रबंधक महात्मा गोरधनदास महाराज एवं सेवक संदीप दास ने पुलिस अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल, मंदिर परिसर और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण कराया। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग स्थल, यातायात प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चिन्हित स्थानों का निरीक्षण किया।
सीओ लक्ष्मण वर्मा ने निर्देश दिए कि मेले और सत्संग में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त की जाएं। साथ ही हुड़दंग और शांति व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान गंगा के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखने, फ्लड स्क्वॉड, तैराकों और गोताखोरों के लिए चिन्हित स्थानों की व्यवस्था का भी जायजा लिया गया। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरों, घाटों तथा आसपास बनाए गए ड्यूटी प्वाइंट्स का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।
