रिपोर्ट: कबीर | मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
मुजफ्फरनगर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात पुलिस और कथित गौकशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि उनके तीन अन्य साथियों को कॉम्बिंग अभियान के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गौकशी के उपकरण, अवैध हथियार, कारतूस, एक गौवंश तथा बिना नंबर प्लेट के वाहन बरामद किए हैं।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
जानकारी के अनुसार गजेन्द्र सिंह के नेतृत्व में शाहपुर पुलिस रविवार रात क्षेत्र में गश्त और चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि निरमानी गेट के पास बाबूजी पेट्रोल पंप के सामने कच्चे रास्ते पर कुछ लोग गौवंश काटने की तैयारी कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर मौके पर दबिश दी।
पुलिस पर फायरिंग कर भागने लगे आरोपी
पुलिस को देखते ही आरोपियों ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और जंगल की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने खुद को बचाते हुए आरोपियों को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन बदमाश लगातार गोलीबारी करते रहे।
इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आसिफ पुत्र इरफान निवासी सफीपुर पट्टी बुढाना और सादिक पुत्र इरफान निवासी हरसौली शाहपुर के पैर में गोली लग गई।
दोनों घायलों को पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
तीन अन्य आरोपी भी गिरफ्तार
मुठभेड़ और कॉम्बिंग अभियान के दौरान पुलिस ने फुरकान उर्फ सुक्का, बिलाल और सद्दाम को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पकड़े गए आरोपी लंबे समय से गौकशी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं।
आरोपियों पर दर्ज हैं कई गंभीर मुकदमे
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी आसिफ और सादिक पर पहले से गौहत्या, गैंगस्टर, चोरी, हत्या के प्रयास और अवैध हथियार रखने जैसे एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
हथियार और गौकशी के उपकरण बरामद
शाहपुर थाना पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक गौवंश, बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल और स्कूटी, गौकशी के उपकरण, दो अवैध चाकू तथा तीन तमंचे के साथ जिंदा और खोखा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराधियों और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
