रिपोर्ट: कबीर | मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
मुजफ्फरनगर जिले में अपराध और दबंगई पर कार्रवाई करते हुए छपार थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुराने विवाद में पड़ोसी पर हमला करने की योजना बना रहे पांच युवकों को पुलिस ने देर रात गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और दो मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं।
चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस को मिली सफलता
जानकारी के अनुसार थानाध्यक्ष मोहित कुमार के नेतृत्व में छपार पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार छह युवक संदिग्ध अवस्था में आते दिखाई दिए।
पुलिस ने जब युवकों को रुकने का इशारा किया तो वे घबरा गए। पुलिस टीम ने शक होने पर उनकी तलाशी ली, जिसमें एक .306 बोर का अवैध तमंचा और पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पांच आरोपी गिरफ्तार, एक बाल अपचारी अभिरक्षा में
पुलिस ने मौके से रूचित पुत्र तेजपाल निवासी तुगलकपुर कम्हैड़ा थाना पुरकाजी, राजन पुत्र भंवर सिंह, दीपक पुत्र मांगेराम, हर्षित पुत्र रविंद्र निवासी पनियाली कासिमपुर थाना नांगल और लक्ष्य पुत्र पवन कुमार निवासी सांखनकलां थाना देवबंद को गिरफ्तार कर लिया।
इसके अलावा एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
पड़ोसी से विवाद के बाद बनाई थी हमला करने की योजना
पूछताछ में मुख्य आरोपी रूचित ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले गांव में पड़ोसी से उसका विवाद हो गया था। इसी रंजिश के चलते उसने अपने दोस्तों को बुलाया था और सभी मिलकर पड़ोसी को धमकाने और मारपीट करने जा रहे थे।
हालांकि, पुलिस की सतर्कता के चलते आरोपी वारदात को अंजाम देने से पहले ही पकड़ लिए गए।
आरोपियों पर मुकदमा दर्ज
छपार थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आयुध अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अपराध और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में दबंगई दिखाने वाले तत्वों में हड़कंप मचा हुआ है।
