रिपोर्ट: विशेष संवाददाता | मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
मुजफ्फरनगर जिले में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच लोगों की राहत के लिए विभिन्न स्थानों पर ठंडे शरबत और पानी के शिविर लगाए गए। मंगलवार को मोरना क्षेत्र के कस्बा भोकरहेड़ी, मोरना, भोपा, शुकतीर्थ तथा गंग नहर पटरी मार्ग पर सामाजिक संगठनों और ग्रामीणों द्वारा राहगीरों को रोक-रोककर ठंडा शरबत पिलाया गया।
तेज धूप और बढ़ते तापमान के कारण लोगों का जनजीवन प्रभावित दिखाई दिया। बाजारों में भी सामान्य दिनों की तुलना में कम भीड़ नजर आई, जबकि यात्री बसों में भी सवारियों की संख्या काफी कम दिखाई दी।
भीषण गर्मी से लोग परेशान
क्षेत्र में लगातार बढ़ रही गर्मी से लोग बेहाल हैं। दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही कम दिखाई दी। गर्म हवाओं और तेज धूप के कारण लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।
इसी बीच समाजसेवियों और स्थानीय लोगों ने मानव सेवा का उदाहरण पेश करते हुए विभिन्न स्थानों पर शरबत और ठंडे पानी के शिविर लगाए।
राहगीरों को पिलाया गया ठंडा शरबत
कस्बा भोकरहेड़ी, मोरना, भोपा, शुकतीर्थ, बेलड़ा गंग नहर पुल, जट मुजहेड़ा और गंग नहर पटरी मार्ग पर राहगीरों को रोक-रोककर ठंडा मीठा शरबत पिलाया गया। लोगों ने इस सेवा कार्य की सराहना की और आयोजकों को धन्यवाद दिया।
भोपा के मुख्य बाजार में प्रजापति समाज की ओर से विशेष छबील लगाई गई, जहां राहगीरों और स्थानीय लोगों को शरबत वितरित किया गया।
समाजसेवियों ने निभाई सेवा की जिम्मेदारी
इस दौरान शिविर में नवीन प्रजापति, सुधीर कुमार, प्रदीप प्रजापति, कपिल कुमार और धर्मेन्द्र प्रजापति सहित कई लोग मौजूद रहे।
वहीं मोरना-भोकरहेड़ी मार्ग पर गांव छछरौली में राठी गुड़ उद्योग की ओर से भी शरबत शिविर लगाया गया।
ग्रामीणों ने दिया सेवा और सहयोग का संदेश
शिविर में नरेंद्र राठी, वीरेंद्र सिंह, किरण पाल सिंह, शुभम और वान्या राठी ने राहगीरों को ठंडा शरबत पिलाकर गर्मी से राहत दिलाने का प्रयास किया।
लोगों ने कहा कि भीषण गर्मी में इस प्रकार के सेवा कार्य समाज में मानवता और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।
