रिपोर्ट: सुदेश वर्मा
बागपत में समाजवादी पार्टी जिला कार्यालय पर रविवार को सपा जिलाध्यक्ष रविंद्र देव यादव की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसआईआर के बाद प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में सामने आई त्रुटियों और विसंगतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मतदाता सूची में नाम, गोत्र और उपनाम संबंधी कमियों को लेकर चिंता जताई। साथ ही बूथ स्तर पर बीएलए और बूथ प्रभारियों को मतदाता सूची उपलब्ध न कराए जाने का मुद्दा भी उठाया गया।
मतदाता सूची की हुई समीक्षा
बैठक के दौरान जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूचियों का अवलोकन किया गया।
पार्टी नेताओं ने बताया कि बड़ी संख्या में मतदाताओं के नामों में विसंगतियां पाई गई हैं, जिससे चुनाव प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।
समाजवादी पार्टी संगठन ने जिला पदाधिकारियों और पूर्व में नियुक्त बीएलए को जिम्मेदारी सौंपी कि वे मतदाता सूची के प्रत्येक पृष्ठ की जांच करें और त्रुटियों को ठीक कराने की प्रक्रिया तेज करें।
फार्म-8 भरवाने के दिए निर्देश
बैठक में तय किया गया कि जिन मतदाताओं के नाम, गोत्र या अन्य विवरण में त्रुटियां हैं, उनके फार्म-8 भरवाकर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी या निर्वाचन अधिकारी के पास जमा कराए जाएंगे।
पार्टी नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतंत्र के लिए बेहद जरूरी है और किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूटना नहीं चाहिए।
भाजपा पर लगाए आरोप
बैठक को संबोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष रविंद्र देव यादव ने भाजपा पर निशाना साधा।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कुछ वर्षों में चुनावों के दौरान मतदाता सूचियों को लेकर लगातार शिकायतें सामने आती रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकारी तंत्र और निर्वाचन आयोग के हस्तक्षेप के जरिए विपक्षी दलों के वोट बैंक को प्रभावित करने का प्रयास करती है।
रविंद्र देव यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की रणनीति को सफल नहीं होने देगी और हर स्तर पर मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा की जाएगी।
प्रतीक यादव को दी श्रद्धांजलि
बैठक के अंत में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव के असामयिक निधन पर शोक व्यक्त किया गया।
पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ता
बैठक में प्रदेश सचिव संजीव त्यागी समेत राजपाल शर्मा, नगेंद्र सिंह, रवि बैसला, काला विधूड़ी, शाहरुख, राहुल यादव, डॉ. सतीश गौड़, नजर मोहम्मद, रवीश धामा, वीरेंद्र तोमर, जितेंद्र भाटी और सरेन्द्र राठी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक के दौरान आगामी चुनावी रणनीति और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने को लेकर भी चर्चा की गई।
