कचहरी में तारीख पर आए शातिरों ने उड़ाईं दो स्प्लेंडर बाइक, कोतवाली नगर पुलिस ने दबोच
रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनपद में बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं के बीच कोतवाली नगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना कोतवाली नगर पुलिस ने दो अलग-अलग बाइक चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से चोरी की गई दो स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। इस पूरे खुलासे में चौकी इंचार्ज उपनिरीक्षक सोनू कुमार और उपनिरीक्षक आयुष्मान शर्मा की अहम भूमिका रही, जिनकी मेहनत और तकनीकी जांच से चोरी का राज खुल सका। उत्कृष्ट कार्य पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने दोनों पुलिसकर्मियों को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
पुलिस के अनुसार 27 अप्रैल 2026 को दीन मोहम्मद सूजडू निवासी मोहम्मद शाकिर ने कोतवाली नगर थाने में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर उसकी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी कर ले गए हैं। मामले में थाना कोतवाली नगर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। इसी दिन थाना सिविल लाइन क्षेत्र स्थित कचहरी परिसर से भी एक अन्य स्प्लेंडर बाइक चोरी हो गई थी, जिसके संबंध में सिविल लाइन थाने में भी मुकदमा दर्ज किया गया था। लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस पर जल्द खुलासे का दबाव था।

थाना प्रभारी बृजेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दिखाई दे रहे संदिग्धों की तस्वीरों को “यक्ष ऐप” पर अपलोड कर ट्रेसिंग शुरू की गई। तकनीकी जांच और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही। गुरुवार को पुलिस ने रामपुरी स्थित भारद्वाज मेडिकल वाली गली में दबिश देकर दोनों शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान फिरोज अहमद पुत्र जलील अहमद निवासी नगर निगम कॉलोनी थाना पटेल नगर देहरादून और मोहम्मद राशिद पुत्र शईद अहमद निवासी महमूद नगर सिविल लाइन मुजफ्फरनगर हाल निवासी कश्मीरी कॉलोनी निरंजनपुर देहरादून के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने दोनों के कब्जे से चोरी की गई दो स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें और दो नाजायज चाकू बरामद किए।
पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने पुलिस को बताया कि राशिद कचहरी में अपनी तारीख पर आया था। उसी दौरान उसने अपने साथी फिरोज के साथ मिलकर मौका देखकर दोनों मोटरसाइकिलें चोरी कर ली थीं। चोरी के बाद दोनों वाहन लेकर फरार हो गए थे और उन्हें बेचने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने दबोच लिया।

जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं और उनके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। फिरोज पर एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित कई मामले दर्ज हैं, जबकि राशिद पर चोरी, एनडीपीएस, धोखाधड़ी और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस अब दोनों आरोपियों के अन्य आपराधिक नेटवर्क और वाहन चोरी की घटनाओं में संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
इस सराहनीय कार्य में थाना प्रभारी बृजेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सोनू कुमार, उपनिरीक्षक आयुष्मान शर्मा, कांस्टेबल विनीत, अंकित और अकरम की टीम शामिल रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

