25 लाख की अफीम संग राजस्थान का तस्कर दबोचा शाहपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। शाहपुर पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान निवासी एक तस्कर को 2 किलो 640 ग्राम अवैध अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 25 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस अब आरोपी के नेटवर्क और सप्लाई चेन की गहन पड़ताल में जुट गई है।
थानाध्यक्ष गजेन्द्र सिंह के नेतृत्व में शाहपुर पुलिस देर रात क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सोरम गेट के पास एक संदिग्ध युवक आता दिखाई दिया। पुलिस ने टॉर्च की रोशनी दिखाकर उसे रुकने का इशारा किया तो वह घबराकर पीछे मुड़कर तेजी से चलने लगा। शक होने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 2.640 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद हुई।


पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम माधव कुम्हार पुत्र बहरुलाल निवासी ग्राम सारण, जिला चित्तौड़गढ़, राजस्थान बताया। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त करता है और बरामद अफीम राजस्थान से खरीदकर मुजफ्फरनगर में बेचने आया था। पुलिस के अनुसार आरोपी राह चलते लोगों को नशा बेचकर मोटा मुनाफा कमाता था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना शाहपुर में मु0अ0सं0-114/2026 धारा 08/17/18 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही उसके फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं, ताकि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अनिकेत धारीवाल, कांस्टेबल अरुण कुमार, विजय सिंह और जितेन्द्र कुमार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *