Headlines

पंचायत से संसद तक गूंजा नारी सशक्तिकरण का स्वर, चरथावल में भव्य नारी शक्ति वंदन सम्मेलन आयोजित

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर,चरथावल। पंचायत से संसद तक महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के संकल्प के साथ गुरुवार को विकासखंड परिसर चरथावल में नारी शक्ति वंदन सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं के सम्मान, अधिकार और राजनीतिक भागीदारी को लेकर जोरदार संदेश दिया गया। सम्मेलन का आयोजन राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती सपना कश्यप की अध्यक्षता एवं संयोजन में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी देखने को मिली।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख अक्षय पुंडीर, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती गुड्डी त्यागी, डॉ. विपिन त्यागी, सभापति भूमि विकास बैंक डॉ. अंजू, कोऑपरेटिव सोसाइटी दुधली की सभापति श्रीमती राजरानी और जिला संयोजक श्रीमती नीरज गौतम उपस्थित रहीं। सभी अतिथियों ने मंच से नारी शक्ति वंदन अधिनियम को महिलाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।


सम्मेलन में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में जागरूकता फैलाने के लिए उपस्थित लोगों को मोबाइल नंबर 9667173333 पर मिस्ड कॉल कर समर्थन देने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजीव कुमार ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि यह अधिनियम महिलाओं को निर्णय लेने की प्रक्रिया में सशक्त बनाते हुए देश के विकास में उनकी भागीदारी को नई ऊंचाई देगा।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र, अंगवस्त्र और फूलमालाओं से सम्मानित किया गया। साथ ही बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को ईसीसीई किट और स्टेडियोमीटर वितरित किए गए। समारोह में नवजात शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया, जबकि गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कर उन्हें सम्मानित किया गया।
अक्षय तृतीया के मद्देनजर बाल विवाह जैसी कुप्रथा पर रोक लगाने के लिए बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉ. राजीव कुमार ने उपस्थित लोगों को शपथ दिलाई। इसके अलावा महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई, जिससे महिलाएं सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठा सकें।
थाना चरथावल से उपनिरीक्षक सुश्री डोली यादव ने मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं की सुरक्षा और अधिकारों से जुड़ी अहम जानकारी साझा की।
सम्मेलन में एडीओ सोमदत्त, एडीओ कमल, बाल विकास परियोजना अधिकारी संगीता कौशिक, संरक्षण अधिकारी नीना त्यागी, विधि सह परिवीक्षा अधिकारी हेमलता, वन स्टॉप सेंटर की प्रबंधक पूजा नरूला सहित समस्त स्टाफ, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *