जिला स्तरीय समाधान दिवस में आए तीन दर्जन फरियादी मामलों में मात्र एक ही मामले का हुआ निस्तारण

Spread the love

रिपोर्ट – हरीश

हमीरपुर। मौदहा नगर के तहसील परिसर पर आयोजित जिला स्तरीय समाधान दिवस में आए तीन दर्जन फरियादी मामलों में मात्र एक ही मामले का निस्तारण मौके पर हो सका। समाधान दिवस में आने वाले फरियादी मामलों का समय रहते निस्तारण न होने से धीरे-धीरे यहां आने वाले फरियादियों का विश्वास समाधान दिवस से उठता जा रहा है।
नगर के तहसील परिसर के सभागार भवन में आयोजित जिला स्तरीय समाधान दिवस की अध्यक्षता अपर जिला अधिकारी राकेश कुमार ने की। इस मौके पर कुल 36 फरियादी मामले आए। जिसमें केवल एक ही मामले का निस्तारण मौके पर हो सका। सबसे अधिक मामले राजस्व व पुलिस से संबंधित रहे।
नगर के पूर्वी तरौस निवासी कुसुम कली पत्नी ओमप्रकाश ने बताया कि उसका पति काफी अरसे से बीमार है और उसके परिवार में आय का कोई साधन नहीं है। वह एक साल से अंत्योदय राशन कार्ड बनवाने के लिए समाधान दिवस में भटक रही है लेकिन उसकी सुनने वाला कोई नहीं है। इसी प्रकार नगर के सबलू पुत्र सिद्दीक ने बताया कि मोहल्ले का सिम्मू ड्राइवर उससे गुंडा टैक्स मांग रहा है उसने इस मामले की शिकायत पुलिस से करने के अलावा समाधान दिवस में भी की है लेकिन आरोपी के खिलाफ अभी तक कोई कार्यवाही नहीं हुई है। इधर ग्राम बसवारी के हल्कू पुत्र खरगा कुशवाहा व चिकसोना निवासी किशना पुत्र रामचरण ने बताया कि गांव के दबंगों ने चक रोड पर कब्जा कर रखा है जिससे उन्हें व अन्य किसानों को अपने खेतों में आने-जाने में परेशानी होती है। लेखपाल द्वारा नाप करने के बावजूद भी दबंग चकरोड से कब्जा नहीं हटा रहे हैं इस समस्या को लेकर दोनों गांव के ग्रामीण इससे पहले भी समाधान दिवस में शिकायत कर चुके हैं। ग्राम अरतरा की सदाकली बेवा लक्ष्मी नारायण ने बताया कि उसके पति का स्वर्गवास हुए कई वर्ष हो चुके हैं वह विधवा पेंशन बनवाने को लेकर समाधान दिवस में एक साल से चक्कर लगा रही है लेकिन उसकी सुनने वाला कोई नहीं है। इसी प्रकार अन्य फरियादी भी अपनी समस्याओं को लेकर अधिकारियों व समाधान दिवसो में अपनी समस्याओं के निस्तारण के लिए चक्कर लगाने को मजबूर हैं। तहसील दिवस में समाधान दिवस में आने वाले फरियादी मामलों का समय रहते उचित निस्तारण न होने से यहां न्याय के लिए आने वाले फरियादियों का विश्वास समाधान दिवस से उठता जा रहा है इस मौके अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार, सीडीओ अरुण कुमार सिंह, उप जिला अधिकारी करणवीर सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी राजकुमार पांडेय, तहसीलदार शिखर मिश्रा समेत जनपद व क्षेत्र के आला अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *