रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। आगामी 2 अप्रैल को निकलने वाली बालाजी जन्मोत्सव की देश की सबसे बड़ी और भव्य शोभायात्रा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। तैयारियों की समीक्षा के लिए बालाजी मंदिर परिसर में आयोजित अहम बैठक में उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री (व्यवसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास) कपिल देव अग्रवाल ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए साफ कर दिया कि आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने मंदिर समिति के संरक्षक भीम सैन कंसल, पदाधिकारियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान नगर मजिस्ट्रेट, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता, नगर पालिका के स्वास्थ्य अधिकारी समेत कई जिम्मेदार अधिकारी मौजूद रहे।
मंत्री ने स्पष्ट कहा कि शोभायात्रा के मार्ग पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सुविधा और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने ट्रैफिक प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण को लेकर भी विशेष योजना तैयार कर उसे सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए, ताकि लाखों श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि बालाजी जन्मोत्सव की यह शोभायात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था और सांस्कृतिक परंपरा का भव्य प्रतीक है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। ऐसे में प्रशासन की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है कि हर व्यवस्था सुचारू और सुरक्षित हो, जिससे श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के कार्यक्रम में भाग ले सकें।
बैठक में अधिकारियों ने मंत्री को भरोसा दिलाया कि सभी तैयारियां तय समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएंगी और आयोजन को भव्य व सफल बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। इस दौरान हरी शंकर तायल, सुनील तायल, कुलदीप कुमार, रजत गोयल समेत मंदिर समिति के पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।

