रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। जनपद अलीगढ़ से एक अभियुक्त को सहारनपुर न्यायालय में पेशी के लिए ले जाते समय रास्ते में पुलिसकर्मी की तबीयत बिगड़ने से दर्दनाक घटना सामने आई है। उपचार के दौरान हेड कांस्टेबल की मौत हो गई, जिससे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अलीगढ़ निवासी अभियुक्त अनिल पुत्र जगदीश को पेशी के लिए सहारनपुर ले जाया जा रहा था। इस दौरान पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अर्जुन सिंह, हेड कांस्टेबल दामोदर, हेड कांस्टेबल मोहम्मद गुलफाम और हेड कांस्टेबल 35 नारायण मोहन शामिल थे।
बताया जा रहा है कि जैसे ही पुलिस टीम मुजफ्फरनगर पहुंची, तभी हेड कांस्टेबल नारायण मोहन की अचानक तबीयत बिगड़ गई। स्थिति गंभीर देखते हुए उनके साथी हेड कांस्टेबल मोहम्मद गुलफाम ने तत्काल उन्हें जिला चिकित्सालय मुजफ्फरनगर में भर्ती कराया। वहीं, शेष पुलिस बल अभियुक्त को लेकर सहारनपुर न्यायालय के लिए रवाना हो गया।
डॉक्टरों द्वारा उपचार के दौरान हेड कांस्टेबल नारायण मोहन को बचाया नहीं जा सका और उनकी मृत्यु हो गई। इस अप्रत्याशित घटना से पुलिस विभाग में शोक व्याप्त है।
