Homeराष्ट्रीयभोपा में पुलिस को मिला नया ठिकाना: गंग नहर किनारे आधुनिक सीओ...

भोपा में पुलिस को मिला नया ठिकाना: गंग नहर किनारे आधुनिक सीओ कार्यालय व आवास का भव्य शुभारंभ

रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। भोपा क्षेत्र में पुलिस प्रशासन को नया और आधुनिक ठिकाना मिल गया है। गंग नहर पुल मार्ग के समीप नव-निर्मित क्षेत्राधिकारी (सीओ) कार्यालय व आवास का उद्घाटन शुक्रवार शाम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय वर्मा ने मंत्रोच्चार के बीच फीता काटकर किया। इस दौरान पुलिस महकमे में उत्साह का माहौल रहा और बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
अब तक यह कार्यालय मोरना खंड विकास कार्यालय परिसर में स्थित एक जर्जर व निष्प्रयोज्य भवन में अस्थायी रूप से संचालित हो रहा था, जिससे प्रशासनिक कार्यों में कई प्रकार की दिक्कतें सामने आती थीं। नए भवन के निर्माण से न केवल पुलिस कार्यप्रणाली को गति मिलेगी, बल्कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की निगरानी भी अधिक प्रभावी हो सकेगी।
नवनिर्मित कार्यालय का ग्राउंड फ्लोर 1104 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में फैला हुआ है, जिसमें ग्राउंड फ्लोर और प्रथम मंजिल पर तीन-तीन कमरे बनाए गए हैं। इसके साथ ही परिसर में अधिकारियों के लिए सभी आधुनिक सुविधाओं से युक्त आवास भी तैयार किया गया है। करीब 1920 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बने इस आवास में चार कमरे, फैमिली लॉज, डाइनिंग एरिया, गेस्ट एरिया, ड्राइंग रूम, स्टोर, सर्वेंट रूम, किचन, तीन बाथरूम, बरामदा और गैराज जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं।
उद्घाटन कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी भोपा देवव्रत बाजपेयी, सीओ जानसठ रुपाली राव, सीओ सदर डॉ. रवि शंकर मिश्रा, थाना प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह सहित अनेक पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। पंडित अश्विनी त्रिपाठी व आशीष शर्मा ने विधिवत मंत्रोच्चार कर भवन का शुभारंभ कराया।
स्थानीय लोगों का मानना है कि इस आधुनिक भवन के शुरू होने से पुलिस व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और क्षेत्र में सुरक्षा व प्रशासनिक कार्यों में और अधिक तेजी आएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments