रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। वासंतिक नवरात्र के पावन अवसर पर जनपद में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सशक्त पहल देखने को मिली। मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के द्वितीय चरण के तहत थाना सिविल लाइन परिसर में प्रभारी निरीक्षक एवं मिशन शक्ति टीम द्वारा महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं को उनकी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही यातायात नियमों की जानकारी देकर सुरक्षित जीवन के लिए आवश्यक सावधानियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। मिशन शक्ति टीम ने बताया कि बदलते समय में महिलाओं का सजग और आत्मनिर्भर होना बेहद जरूरी है, जिससे वे हर परिस्थिति का सामना मजबूती से कर सकें।
इस दौरान सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई। इनमें विधवा पेंशन योजना, वृद्धावस्था पेंशन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और नशा मुक्ति भारत अभियान प्रमुख रूप से शामिल रहे। टीम ने महिलाओं को इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में हेल्पलाइन नंबरों की अहम भूमिका पर भी जोर दिया गया। महिलाओं को वूमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, स्वास्थ्य सेवा 102 और 108, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड लाइन 1098 और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही पंपलेट वितरित कर जागरूकता संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
मिशन शक्ति टीम थाना सिविल लाइन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम ने महिलाओं में आत्मविश्वास जगाने और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। नवरात्र के इस पावन अवसर पर दिया गया यह जागरूकता संदेश समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में एक मजबूत कदम साबित हो रहा है।

