Homeराष्ट्रीयशुकतीर्थ घाट पर गूंजा ‘स्वच्छता पखवाड़ा-2026’, श्रमदान और गंगा शपथ से जागी...

शुकतीर्थ घाट पर गूंजा ‘स्वच्छता पखवाड़ा-2026’, श्रमदान और गंगा शपथ से जागी जागरूकता

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। धार्मिक एवं पर्यटक नगरी शुकतीर्थ के गंगा घाट पर मंगलवार को “स्वच्छता पखवाड़ा-2026” अभियान के तहत व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गंगा की स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी को केंद्र में रखकर आयोजित इस अभियान ने घाट पर एक सकारात्मक संदेश का माहौल बना दिया।
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं मुख्य विकास अधिकारी कण्डारकर कमलकिशोर देशभूषण के निर्देशन में जिला गंगा समिति, मुजफ्फरनगर द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। गंगा पार्क और शुकतीर्थ घाट पर विद्यार्थियों ने श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया, जिससे आसपास के लोगों में भी जागरूकता का संचार हुआ।
कार्यक्रम के दौरान पीपल के वृक्ष की छांव में गंगा क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में विजयी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया, वहीं सभी प्रतिभागियों को कैप वितरित कर स्वच्छता अभियान का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
जिला परियोजना अधिकारी हर्ष कुमार ने नमामि गंगे मिशन के अंतर्गत संचालित योजनाओं की विस्तार से जानकारी देते हुए उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का समापन गंगा शपथ के साथ हुआ, जिसमें सभी ने गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर स्वामी कल्याण देव इंटर कॉलेज एवं श्री शुकदेव संस्कृत माध्यमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए श्रमदान किया। कार्यक्रम का संचालन सामाजिक वानिकी प्रभाग के प्रभागीय निदेशक अभिनव राज के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम में वन रक्षक अमित कुमार, नन्द किशोर, प्रियंका कुमारी, वन दरोगा सिंपल कुमारी तथा गंगा सेवा समिति के महामंत्री महकार सिंह सहित कई लोगों का सराहनीय योगदान रहा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments